समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के सरायरंजन व करपुरीग्राम थाना क्षेत्र में अलग अलग सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक की मौत हो गयी। वही तीन लोग जख्मी हो गया। सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर गांव स्थित एसएच 88 पर शनिवाह सुबह सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी, वही दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। जिसे सदर अस्पताल से रेफर कर दिया गया है। मृतक की पहचान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के समर्था कल्याणपुर स्थित सरैया निवासी सरोज मिश्र के इकलौते पुत्र बाला मिश्र (27) के रूप में की गयी है, जबकि जख्मी युवक की पहचान पतोही गांव निवासी जय नारायण झा के पुत्र मुकेश कुमार (34) के रूप में की गई।


मिली जानकारी के अनुसार मुकेश अपने ननिहाल किशनपूर युसुफ से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रायपुर बुजुर्ग स्थित एसएच-88 गुमानी स्थान के निकट पूरब की तरफ से आ रही अज्ञात वाहन ने बाइक में सामने से टक्कर मार दिया। जिससे बाला मिश्र की मौत घटनास्थल पर ही हो गई और बाइक सवार मुकेश कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने बांस बल्ला लगाकर सड़क को जाम कर दिया।


घटना की सूचना पर सरायरंजन थानाध्यक्ष रविकांत भी दल बल के साथ पहुंच कर आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।साथ ही वरीय अधिकारियों से भी बातचीत कराकर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। लगभग चार घंटा बाद लोगों ने जाम हटाया। उसके बाद पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा। वही, दूसरी ओर शुक्रवार की रात कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के चांदोपट्टी गांव के पास ट्रक व बाइक की भीषण टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गयी।


मृतक की पहचान सरायरंजन थाना के भगवतपुर निवासी राजेश साह के 19 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार के रूप में की गई है। घटना में नीतीश की बहन गुड़िया व मामी मुन्नी देवी जख्मी हो गयी। बताया जाता है कि घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी हालत में तीनों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां स्थिति को गंभीर देखते हुए नीतीश कुमार को पटना रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में नीतीश कुमार की मौत हो गयी। नीतीश कुमार अपनी बहन व मामी के साथ बाइक से घर जा रहा था।





