समस्तीपुर/विभूतिपुर। विभूतिपुर ब्लॉक के शिवनाथपुर की छात्रा कोमल कुमारी हत्याकांड के आरोपी के उस भूसा गोदाम को सोमवार को पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी मे सील कर दिया, जिसमें से शराब व हथियार बरामद हुए थे।इस संबंध में विभूतिपुर थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि सीओ अशोक कुमार यादव दंडाधिकारी थे। उनकी मौजूदगी में पुअनि पुलिस चौधरी के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी के भूसा गोदाम सील किया।



विदित हो कि गत 23 जून को कोचिंग से सहेली के साथ पढ़ कर घर लौट रही कोमल की शिवनाथपुर राजधानी चौक तीनवटिया के निकट बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। घटना के बाद मृतका के पिता ने शिवनाथपुर के ही कुंदन कुमार, समीर भारती उर्फ पप्पू सिंह, ललन सिंह उर्फ लुलवा, पूर्व मुखिया रानी देवी सहित 4-5 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज करायी थी। कुंदन की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने ललन सिंह उर्फ लुलवा के भूसा गोदाम में छापेमारी कर घटना में प्रयुक्त हथियार सहित दो देसी पिस्टल, दो देसी कट्टा, 35 विभिन्न हथियारों मे प्रयुक्त होने वाली गोली सहित 5 कार्टून शराब बरामद की थी।


कोमल हत्याकांड का खुलासा करते हुए इसकी जानकारी एसपी ने पीसी में देने के साथ गोदाम सील कराने की घोषणा की थी। उसी परिपेक्ष में सोमवार को भूसा गोदाम सील किया गया।







