समस्तीपुर में जांच के दौरान दवा दुकानों में मिली गड़बड़ी, तीन दवा दुकानों का लाइसेंस निलंबित

समस्तीपुर। समस्तीपुर औषधि नियंत्रक विभाग के द्वारा की गयी छापेमारी में मिली गड़बड़ी के बाद एक बार फिर तीन दवा दुकानों का लाईसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही निलंबित अवधि में दवा बेचने पर भी रोक लगा दी गयी। औषधि विभाग की कार्रवाई से दवा दुकानों में हड़कंप मच गया है। डीएम के आदेश पर नियमित रूप से दवा दुकानों की जांच की जानी है।
सहायक औषधि नियंत्रक निलीमा कुमारी के द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति केअनुसार शाहपुर पटोरी के हसनपुर सूरत स्थित गणपति ड्रग, समस्तीपुर मन्नीपुर सारी लक्ष्मी चौक स्थित सनराईज मेडिसीन सेंटर एवं मथुरापुर स्थित साहूजी मेडिसीन दुकान का लाईसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। बताया गया है कि इन दवा दुकानों की जांच औषधि विभाग के अधिकारियों के द्वारा की गयी थी।
जांच के दौरान दुकानदार द्वारा पर्चेज बिल एवं सेल रिकार्ड नहीं प्रस्तुत किया गया। साथ ही प्रिसक्रिप्शन रजिस्टर का संधारन नहीं किया गया था एवं फार्माशिस्ट की अनुपस्थिति में ही दवाओं का विक्रय किया जा रहा था। जिसके कारण उक्त तीनों दवा दुकानों का लाईसेंस निलंबित किया गया है।
बता दें कि पिछले 2 महीनों से जिले में दवा दुकानों की सघन जांच की जा रही है। सहायक औषधि नियंत्रक के निर्देश पर विभिन्न प्रखंडों में ड्रग इंस्पेक्टर के द्वारा दवा दुकानों में आवश्यक जांच की जा रही है। जांच के दौरान विभिन्न प्रकार की गड़बड़ी मिलने के बाद उनसे स्पष्टीकरण पूछा जाता है।
साथ ही संतोषपूर्ण जवाब नहीं देने पर निर्धारित अवधि के लिए दवा दुकानों का लाइसेंस भी निलंबित किया जा रहा है। पिछले 2 महीने में लगभग डेढ़ दर्जन से अधिक दवा दुकानों का लाइसेंस निलंबित किया जा चुका है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *