समस्तीपुर। समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक विनय श्रीवास्तव के निर्देशों के आलोक में सीनियर डीसीएम के नेतृत्व में समस्तीपुर मंडल के विभिन्न रेलखण्डों में सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान मंडल के कपरपुरा- वाल्मीकिनगर, समस्तीपुर- दरभंगा, दरभंगा-सीतामढ़ी-रक्सौल, दरभंगा-जयनगर, बदलाघाट-सहरसा- सुपौल, दौरम मधेपुरा- बनमंखी आदि रेलखंडों पर टिकट चेकिंग का आयोजन किया गया।

इस अभियान में वाणिज्य निरीक्षकों के साथ काफी संख्या में टिकट जाँचकर्मियों को लगाया गया था। जिनके द्वारा स्टेशन परिसर एवं गाड़ियों में बिना उचित प्राधिकार व बेटिकट प्रवेश पर रोक लगाया गया तथा बिना उचित प्राधिकार के यात्रा कर रहे व्यक्तियों से नियमानुसार निर्धारित प्रभार की वसूली सुनिश्चित की गयी।

इस अभियान के दौरान कुल 2310 व्यक्तियों को बिना उचित प्राधिकार के पाया गया जिससे कुल चौदह लाख अठासी हजार पांच सौ रूपये रेल राजस्व के रूप में प्राप्त हुए इस अभियान के फलस्वरूप इन रेलखंड के टिकट बिक्री में तेजी हुई और काउंटर पर भीड़ बढ़ा पाया गया। मंडल में इस प्रकार के टिकट चेकिंग अभियान आगे भी लगातार चलाये जाते रहेंगे।

रेल प्रशासन द्वारा सभी यात्रियों से अनुरोध है कि बिना टिकट यात्रा करना दंडनीय है। सदैव उचित टिकट लेकर ही रेल यात्रा करें। बता दें कि 3 दिन पूर्व भी रेल मंडल में विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया था, जिसमें लगभग 25 लाख रुपया टिकट जुर्माना के रूप में वसूल किया गया था।









