व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: सिंघिया प्रखंड अंतर्गत जहांगीरपुर पंचायत में मंगलवार को द्वितीय चरण का सहयोग शिविर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देश पर आयोजन किया गया। पंचायत स्तर पर आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों से जुड़ी अपनी समस्याओं को लेकर आवेदन दिया। शिविर में मौजूद पदाधिकारियों ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों को मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।
शिविर की अध्यक्षता बीडीओ विवेक रंजन ने की। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। इस दौरान कई ग्रामीणों द्वारा पूर्व में दिए गए आवेदनों के आधार पर तैयार किए गए विभिन्न प्रमाण पत्रों का वितरण भी किया गया। प्रमाण पत्र मिलने पर लाभुकों ने राहत जताई और शिविर को ग्रामीणों के लिए उपयोगी बताया।


शिविर में सीओ मोनी कुमारी, महिला पर्यवेक्षिका सुनीता कुमारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एम.एम. अंसारी, बीईओ मनोज झा, एमओ उत्कर्ष दुबे, बिजली विभाग के जेई शशि शेखर सिंह, बीसीओ ललन सिंह, आवास पर्यवेक्षक राजाराम याजी, मनरेगा पीओ जितेंद्र कुमार सहित अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, पंचायत सचिव, राजस्व कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
ग्रामीणों ने शिविर में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, राशन, आवास, मनरेगा, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित समस्याएं पदाधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदन को संबंधित विभाग से जोड़ते हुए नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। पदाधिकारियों ने कहा कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का चक्कर लगाने से राहत दिलाते हुए पंचायत स्तर पर ही उनकी समस्याओं का समाधान कराना है।


बीडीओ विवेक रंजन ने कहा कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें सुगम प्रशासनिक सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। सहयोग शिविर के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित कर्मियों को प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

*तीन सगे भाइयों की डूबने से मौत के पांच माह बाद मां को मिला 12 लाख का मुआवजा – Doorbeen News*
तीन सगे भाइयों की डूबने से मौत के पांच माह बाद मां को मिला 12 लाख का मुआवजा







