व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां उदन इलाके में 25 लोगों के निर्माणाधीन मकानों को जेसीबी से तोड़े जाने के मामले में पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस टीम ने सीतामढ़ी के बेलसंड से लोजपा (आर) विधायक अमित कुमार रानू और उनके भाई सोनू सिंह के मुजफ्फरपुर के बैरिया स्थित निजी आवास तथा विधायक के बेलसंड स्थित निजी कार्यालय में छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, बेलसंड स्थित निजी कार्यालय से एक अवैध पिस्टल, नौ कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। मौके से बेलसंड निवासी छोटू यादव और नन्हें सिंह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों के खिलाफ लूट, रंगदारी और डकैती समेत डेढ़ दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
जेसीबी से मकान तोड़ने का आरोप
मामला अहियापुर थाना क्षेत्र के भिखनपुर स्थित झपहां उदन गांव का है। आरोप है कि गुरुवार को हथियारों से लैस लोगों के एक बड़े समूह ने मौके पर पहुंचकर करीब 25 लोगों के निर्माणाधीन मकानों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। विरोध करने वालों के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है।
घटना के बाद पीड़ितों के बयान पर अहियापुर थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने इस मामले में पहले दो प्रॉपर्टी डीलरों—मोतीपुर के नरियार निवासी सुमित श्रीवास्तव और अहियापुर के बैरिया सरस्वती नगर निवासी सन्नी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने मामले में विधायक के भाई सोनू सिंह की कथित संलिप्तता के संबंध में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने रविवार को विधायक और उनके भाई से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की।
विधायक ने कार्रवाई पर उठाए सवाल
वहीं, विधायक अमित कुमार रानू ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस को ‘हीरो बनने का शौक’ है और इसी उद्देश्य से छापेमारी की गई। विधायक ने दावा किया कि उनके घर से कोई अवैध संपत्ति से संबंधित कागजात या अन्य आपत्तिजनक साक्ष्य बरामद नहीं हुआ है।
उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को लेकर अपनी आपत्ति जताई और कहा कि छापेमारी में उनके आवास से कोई अवैध संपत्ति का कागज नहीं मिला।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। छापेमारी में बरामद हथियार और कारतूस को लेकर भी पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में विधायक और उनके भाई की भूमिका को लेकर जांच आगे बढ़ने के साथ तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।


*जवाहर नवोदय विद्यालय में जूनियर छात्रों की पिटाई, 21 सीनियर छात्र निलंबित – Doorbeen News*
जवाहर नवोदय विद्यालय में जूनियर छात्रों की पिटाई, 21 सीनियर छात्र निलंबित










