व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बिरौली के छात्रावास में शुक्रवार देर रात छात्रों के बीच मारपीट का गंभीर मामला सामने आया। आरोप है कि कक्षा आठ के करीब 20-25 छात्रों ने अनुशासन और आदेशों का पालन नहीं करने का आरोप लगाकर कक्षा सात के करीब 35 छात्रों की पिटाई कर दी। मारपीट में कई छात्र घायल हो गए, जबकि आठ छात्रों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, पूसा भेजा गया।
घटना के दौरान छात्रावास में बच्चों की चीख-पुकार सुनकर सुरक्षा गार्ड ने तत्काल विद्यालय प्रबंधन को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही प्रभारी प्राचार्य आरएस झा अन्य शिक्षकों के साथ छात्रावास पहुंचे और स्थिति को संभाला।
21 छात्रों को किया गया निलंबित
घटना की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल कक्षा आठ के 21 चिन्हित छात्रों को निलंबित कर उनके अभिभावकों के हवाले कर दिया। घटना के बाद भयभीत कक्षा सात के कुछ छात्र भी अपने परिजनों के साथ घर चले गए।
प्रभारी प्राचार्य आरएस झा ने बताया कि 21 छात्रों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर अभिभावकों के हवाले किया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही शिक्षक-अभिभावक बैठक आयोजित कर मामले में आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बाल्टी पर बैठाकर पीटने का आरोप
घायल छात्रों ने आरोप लगाया कि शुक्रवार रात शिक्षकों की चेकिंग के बाद करीब 11 बजे कक्षा आठ के छात्रों ने सातवीं कक्षा के विद्यार्थियों को बुलाया। इसके बाद कमरे में बाल्टी पर बैठाकर बारी-बारी से उनकी पिटाई की गई।
पीड़ित छात्रों के अनुसार, मारपीट के दौरान कोई छात्र बेहोश हो जाता था तो आरोपी छात्र उसे पानी पिलाकर होश में लाते और फिर दोबारा पिटाई करते थे।
छोटे-छोटे काम नहीं करने पर प्रताड़ना का आरोप
पीड़ित छात्रों ने बताया कि खाना लाने और कमरे की सफाई जैसे छोटे-छोटे काम नहीं करने को लेकर उन्हें कथित तौर पर लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। छात्रों का कहना है कि पहले भी ऐसी शिकायतें विद्यालय प्रबंधन तक पहुंची थीं और कार्रवाई हुई थी, लेकिन घर से वापस लौटने के बाद कुछ सीनियर छात्रों ने कथित तौर पर फिर से मारपीट शुरू कर दी।


इन आठ छात्रों का कराया गया इलाज
मारपीट में घायल अनिल कुमार, गौरव, अमन कुमार, राजेश कुमार, ऋषि राज, आशु कुमार सिंह, राजदीप राज, जय कुमार और आदर्श कुमार समेत छात्रों को अनुमंडलीय अस्पताल, पूसा ले जाया गया। विद्यालय प्रशासन की ओर से घायल छात्रों का उपचार कराया गया।
घटना ने विद्यालय के छात्रावास में सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब शिक्षक-अभिभावक बैठक के बाद विद्यालय प्रशासन की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

*गैर-तकनीकी किसान सलाहकारों से लिया जा रहा तकनीकी काम, मान्यता देने की मांग – Doorbeen News*
गैर-तकनीकी किसान सलाहकारों से लिया जा रहा तकनीकी काम, मान्यता देने की मांग









