सावन की अंतिम सोमवारी पर थानेश्वर मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 4 लाख कांवरियों ने किया जलाभिषेक

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। सावन मास की अंतिम सोमवारी पर समस्तीपुर के प्रसिद्ध थानेश्वर मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बेगूसराय जिले के झमटिया घाट से गंगाजल भरकर हजारों कांवरिए करीब 60 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर समस्तीपुर पहुंचे और बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखकर शहर का नजारा मानो देवघर जैसा नजर आ रहा था।

गेरुआ वस्त्र पहने कांवरिए रास्ते भर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष करते हुए आगे बढ़ते रहे। मंदिर परिसर और आसपास का पूरा इलाका शिवभक्ति में डूबा रहा। श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए कतार में खड़े रहे।

देर रात खुला मंदिर का पट, जयघोष के साथ हुआ प्रवेश

अंतिम सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ देर रात से ही मंदिर परिसर में जुटी रही। मंदिर का मुख्य द्वार खुलते ही ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने मंदिर में प्रवेश किया और गर्भगृह में पहुंचकर बाबा भोलेनाथ पर गंगाजल अर्पित किया।

महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतार

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यापक व्यवस्था की गई थी। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार बनाई गई थी।

पुलिस बल और दंडाधिकारी लगातार व्यवस्था की निगरानी करते रहे और श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से गर्भगृह तक पहुंचाने में सहयोग करते नजर आए।

चार लाख से अधिक कांवरियों के पहुंचने का अनुमान

स्थानीय लोगों के अनुसार सावन की सोमवारी पर झमटिया घाट से गंगाजल लेकर श्रद्धालु पैदल थानेश्वर मंदिर पहुंचते हैं। करीब 60 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद बाबा पर जल अर्पित करने को लेकर कांवरियों में जबरदस्त उत्साह रहता है।

अंतिम सोमवारी को दोपहर बाद भी मंदिर और शहर में श्रद्धालुओं की भीड़ कम होती नहीं दिखी। करीब चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं के जलाभिषेक करने का अनुमान लगाया जा रहा है। पूरे दिन ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से समस्तीपुर का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

*25 निर्माणाधीन मकान तोड़ने के मामले में विधायक के ठिकानों पर छापेमारी, हथियार-कारतूस बरामद – Doorbeen News*

25 निर्माणाधीन मकान तोड़ने के मामले में विधायक के ठिकानों पर छापेमारी, हथियार-कारतूस बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *