व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय भवन सभागार में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधान शिक्षक एवं प्रधानाध्यापक मिलन सह वर्षगांठ सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे प्रधान शिक्षक, प्रधानाध्यापक, शिक्षिकाओं एवं शिक्षा जगत से जुड़े गणमान्य लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह तथा मुख्य अतिथि बीईओ रामजन्म सिंह रहे।
अध्यक्षता पूर्व बीआरपी सह प्रधानाध्यापक बालमुकुंद सिंह ने की, जबकि संचालन संयोजक सह प्रधान शिक्षक उमेश प्रसाद राय ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों का पाग, चादर एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया। समारोह में विभिन्न मध्य विद्यालयों से वर्ष 1994 बैच के प्रधानाध्यापकों की विशेष सहभागिता रही। इनमें सत्यनारायण आर्य, हीरानंद झा, मृत्युंजय कुमार सिंह, मृत्युंजय कुमार राय, मदन कुमार, राजकुमार मुखिया, प्रमोद कुमार, राम मिलन सहनी, प्रदीप पासवान, प्रमोद पासवान सहित अन्य प्रधानाध्यापक शामिल हुए।


प्रखंड के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों से प्रधान शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने भी समारोह में भाग लेकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई। समारोह का मुख्य आकर्षण शिक्षकों का सम्मान रहा। आयोजन समिति की ओर से प्रधानाध्यापकों, प्रधान शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं को माला, अंगवस्त्र/चादर एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। विशेष रूप से प्रखंड के प्रधान शिक्षकों को उनके शैक्षणिक योगदान एवं सेवा के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। सम्मान पाकर शिक्षकों के चेहरे पर खुशी और गर्व का भाव दिखाई दिया। अतिथियों ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान वास्तव में शिक्षा व्यवस्था और समाज के भविष्य का सम्मान है।
बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ हैं। वे बच्चों को ज्ञान, संस्कार और जीवन की सही दिशा देकर राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं। शिक्षकों का सम्मान करना पूरे समाज का सम्मान है। ऐसे आयोजन शिक्षकों के बीच आपसी समन्वय, सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देते हैं। बीईओ रामजन्म सिंह ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों का विकास करना शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने आयोजन समिति को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई दी।


अध्यक्षीय संबोधन में बालमुकुंद सिंह ने कहा कि प्रधान शिक्षक एवं प्रधानाध्यापक विद्यालय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके नेतृत्व में विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व और भविष्य निर्माण का आधार बनता है। शिक्षकों को एक मंच पर लाकर सम्मानित करना अनुकरणीय पहल है। समारोह में शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यालय विकास, शिक्षक एकता और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विचार रखे। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष संतोष कुमार, कोषाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, अमित कुमार मिश्रा, रजनीकांत, अमरजीत चौधरी, राजेश कुमार सिंह, प्रदीप कुमार सिंह, अनिल कुमार, अरविंद कुमार, संजय राम यादव, अवध किशोर, नीलू कुमारी, शसोनी कुमारी, रूबी कुमारी, नंदन कुमारी, विनीता कुमारी, पिंकी कुमारी, अजय कुमार राय, रामबाबू सिंह, संजीव कुमार सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में आयोजन समिति ने सभी अतिथियों एवं शिक्षकों के प्रति आभार जताया।


*खानपुर प्रखंड में देशभक्ति के माहौल में मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में शान से फहराया तिरंगा – Doorbeen News*






