व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: सिंघिया प्रखंड प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान, सरकारी योजनाओं की प्रभावी निगरानी तथा ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 4 अगस्त मंगलवार को सिंघिया प्रखंड की दो पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। बीडीओ विवेक रंजन ने शुक्रवार को दोनों प्रस्तावित शिविर स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हरदिया पंचायत में पंचायत भवन परिसर में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा नीरपुर भरड़िया पंचायत में उत्क्रमित मध्य विद्यालय नीरपुर भरड़िया के प्रांगण में दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों, समस्याओं एवं सुझावों का निस्तारण करेंगे तथा पात्र लाभुकों को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराएंगे।



बीडीओ विवेक रंजन ने बताया कि शिविर को अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने के लिए दोनों पंचायतों में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। उनके निर्देश पर पंचायतों में लाउडस्पीकर एवं माइकिंग के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर का लाभ उठा सकें। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अपनी शिकायत, समस्या अथवा सुझाव से संबंधित आवेदन शिविर आयोजित होने से पहले ही पंचायत कार्यालय में जमा कर दें, जिससे संबंधित विभागों द्वारा पूर्व तैयारी कर समयबद्ध तरीके से मामलों का निष्पादन किया जा सके।
प्रशासन की ओर से प्रखंड स्तरीय सभी विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पत्र जारी कर शिविर में निर्धारित समय पर उपस्थित रहने तथा आवश्यक अभिलेखों एवं संसाधनों के साथ भाग लेने का निर्देश दिया गया है। प्रखंड प्रशासन का मानना है कि सहयोग शिविर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम साबित होगा। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ेगी, शिकायतों का मौके पर समाधान होगा तथा पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने में भी सहायता मिलेगी। ग्रामीणों से निर्धारित समय पर अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर इस विशेष शिविर का लाभ उठाने की अपील की गई है।



*बन्दा मानस मंदिर में जनसंपर्क अभियान के दौरान विकास योजनाओं पर मंथन – Doorbeen News*
बन्दा मानस मंदिर में जनसंपर्क अभियान के दौरान विकास योजनाओं पर मंथन






