गुरु पूर्णिमा पर उमड़ी आस्था की भीड़, रन्ना मठ में श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन कर लिया आशीर्वाद

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत दहियार रन्ना पंचायत के श्री राम जानकी बड़ी ठाकुरबारी रन्ना मठ परिसर में बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। सुबह से ही मठ परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों, गुरु पूजन और आशीर्वाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

देर रात तक चले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मठाधीश महंत रामायणी रामकृष्ण दास का भक्तों ने विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन किया। श्रद्धालुओं ने पुष्प, माल्यार्पण एवं चरण वंदन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। महंत रामायणी रामकृष्ण दास ने अपने आशीर्वचन में कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है।

गुरु ही मनुष्य को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान, सत्य, सेवा और संस्कार के मार्ग पर अग्रसर करते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से समाज में प्रेम, सद्भाव, सेवा और नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शिवाजीनगर प्रखंड के अलावा बहेरी, बिभूतिपुर, बेगूसराय, दरभंगा, खगड़िया, सहरसा सहित विभिन्न जिलों एवं प्रखंडों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे दिन मठ परिसर में भक्ति गीत, मंत्रोच्चार और गुरु वंदना से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।

रात्रि में आयोजित भव्य सांस्कृतिक एवं संस्कृत कार्यक्रम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें धार्मिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया।
इस अवसर पर शिक्षक दशरथ सिंह, त्रिभुवन कुमार, कन्हैया कुमार, संजय सिंह, निरूपण सिंह, चंद्रशेखर, मदन सिंह, रेणु कुमारी, विमला देवी, रेणु देवी, राधा देवी, पूनम देवी, कंचन देवी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

आयोजन को सफल बनाने में मठ से जुड़े सेवकों एवं स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका रही। श्रद्धालुओं ने इसे आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक एकता और भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा को सशक्त बनाने वाला प्रेरणादायी आयोजन बताया। पूरे दिन मठ परिसर में श्रद्धा, अनुशासन और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

*विद्यार्थियों ने गुरु वंदना, भाव नृत्य और वाद्य यंत्रों की पूजा कर गुरुओं का लिया आशीर्वाद – Doorbeen News*

विद्यार्थियों ने गुरु वंदना, भाव नृत्य और वाद्य यंत्रों की पूजा कर गुरुओं का लिया आशीर्वाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *