उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, रसलपुर में निर्वाचन साक्षरता क्लब का गठन,आ

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली तथा बिहार सरकार, निर्वाचन विभाग एवं शिक्षा विभाग के निर्देशों के आलोक में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, रसलपुर, प्रखंड सरायरंजन, जिला समस्तीपुर में प्रधानाध्यापक श्री मनीष चन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में निर्वाचन साक्षरता क्लब का विधिवत गठन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाध्यापक  मनीष चन्द्र प्रसाद ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जागरूक, जिम्मेदार और नैतिक मतदाताओं में निहित होती है। विद्यालय स्तर पर निर्वाचन साक्षरता क्लब का गठन विद्यार्थियों को संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया तथा जिम्मेदार नागरिकता से जोड़ने की एक दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के मतदाता हैं, इसलिए उनमें मतदान के प्रति जागरूकता, संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान तथा लोकतांत्रिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास विद्यालय स्तर से ही किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विद्यालय में कक्षा नवम से बारहवीं तक के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए निर्वाचन साक्षरता क्लब का गठन किया गया है। क्लब के संचालन हेतु एक शिक्षक को समन्वयक तथा विद्यार्थियों में से एक कैंपस एम्बेसडर नामित किया जाएगा, जो वर्षभर निर्वाचन जागरूकता से संबंधित गतिविधियों का संचालन करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक  फूलेन्द्र कुमार को सर्वसम्मति से निर्वाचन साक्षरता क्लब का नोडल शिक्षक नियुक्त किया गया। प्रधानाध्यापक  मनीष चन्द्र प्रसाद ने उन्हें निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विद्यालय में वर्षभर निर्वाचन साक्षरता से संबंधित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन एवं समन्वय सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक श्री प्रियरंजन झा ने “निर्वाचन : कब, क्यों और कैसे?” विषय पर छात्र-छात्राओं को विस्तारपूर्वक संबोधित करते हुए बताया कि निर्वाचन लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था का आधार है, जिसके माध्यम से जनता अपने प्रतिनिधियों का स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव करती है। उन्होंने कहा कि भारत में लोकसभा, विधानसभा तथा स्थानीय निकायों के चुनाव निर्धारित संवैधानिक प्रावधानों एवं समय-सीमा के अनुसार आयोजित किए जाते हैं। निर्वाचन का उद्देश्य जनता को अपनी पसंद का प्रतिनिधि चुनने का अधिकार देना, लोकतंत्र को सशक्त बनाना, सुशासन स्थापित करना तथा सरकार को जनता के प्रति उत्तरदायी बनाना है।

उन्होंने आगे बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया मतदाता सूची के निर्माण एवं अद्यतन, नामांकन, चुनाव प्रचार, मतदान, मतगणना तथा परिणाम घोषणा जैसे विभिन्न चरणों से होकर गुजरती है। इस पूरी प्रक्रिया का संचालन भारत निर्वाचन आयोग स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से करता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया, मतदाता के अधिकार एवं कर्तव्यों तथा नैतिक एवं जागरूक मतदान के महत्व की भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं भविष्य में जागरूक मतदाता बनें तथा अपने परिवार और समाज में भी मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।

इस अवसर पर निर्वाचन साक्षरता क्लब के छात्र प्रतिनिधियों के चयन हेतु लोकतांत्रिक प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रदर्शन भी कराया गया। विद्यालय की प्रत्येक कक्षा से तीन छात्र एवं तीन छात्राओं का चयन निर्वाचन प्रक्रिया के माध्यम से छात्र-छात्राओं द्वारा लोकतांत्रिक ढंग से किया गया। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान की वास्तविक प्रक्रिया, मतदाता की भूमिका, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव, मताधिकार के महत्व तथा लोकतांत्रिक मूल्यों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। चयनित छात्र-छात्राएँ क्लब के सदस्य के रूप में वर्षभर विभिन्न निर्वाचन जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन, मतदाता शिक्षा अभियान तथा लोकतांत्रिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएँगे। इस अभिनव पहल ने विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व, सहभागिता एवं लोकतांत्रिक संस्कारों को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

प्रधानाध्यापक श्री प्रसाद ने कहा कि क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना एवं मूल भावना, लोकतांत्रिक व्यवस्था, भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका एवं दायित्व, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), मतदान प्रक्रिया, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली, मतदाता के अधिकार एवं कर्तव्य, नैतिक एवं जागरूक मतदान तथा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के महत्व से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय में वर्षभर मतदाता जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण, निबंध लेखन, भाषण, वाद-विवाद, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, नुक्कड़ नाटक, मॉक पोल, लोकतांत्रिक संवाद, संविधान आधारित परिचर्चा तथा राष्ट्रीय मतदाता दिवस एवं संविधान दिवस पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, वैज्ञानिक सोच, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सक्रिय नागरिकता की भावना विकसित की जाएगी।

*समाजसेवा की मिसाल यशोदा देवी नहीं रहीं, किशनपुर भट्ट टोला में शोक की लहर – Doorbeen News*

समाजसेवा की मिसाल यशोदा देवी नहीं रहीं, किशनपुर भट्ट टोला में शोक की लहर

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *