मुसरीघरारी हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, दामाद समेत दो आरोपी गिरफ्तार; हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

पारिवारिक विवाद और विदाई को लेकर था तनाव, सोए अवस्था में ससुर का गला रेतकर की गई थी हत्या

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर: समस्तीपुर पुलिस ने मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के चर्चित विजय दास हत्याकांड का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी दामाद समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 की रात करीब 1:15 बजे मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बनघरा टोल, रूपौली वार्ड-10 में पारिवारिक विवाद के कारण विजय दास की सोए अवस्था में धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मुसरीघरारी थाना कांड संख्या 121/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (सदर-1) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने जितेंद्र कुमार उर्फ जितेंद्र दास (मृतक का दामाद) और अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी जितेंद्र कुमार ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी भारती कुमारी के साथ मारपीट के कारण ससुराल पक्ष उसे विदाई नहीं दे रहा था। साथ ही उसकी मामी इंद्राणी देवी का मृतक विजय दास से जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा था। इसी रंजिश और पारिवारिक विवाद के चलते उसने अमन कुमार के साथ मिलकर सोए अवस्था में अपने ससुर की गला रेतकर हत्या कर दी।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद कर लिया है। बरामद हथियार को वैज्ञानिक जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल की जांच एफएसएल टीम से कराई गई है तथा शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल, समस्तीपुर में कराया गया। मामले में अन्य आरोपियों की संभावित संलिप्तता की जांच जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

इस कार्रवाई में अंचल निरीक्षक संदीप कुमार, मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी रंगलाल साह, अभिषेक कुमार, अभिमन्यु द्विवेदी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही।

*उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, रसलपुर में निर्वाचन साक्षरता क्लब का गठन,आ – Doorbeen News*

उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, रसलपुर में निर्वाचन साक्षरता क्लब का गठन,आ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *