लोको पायलट की सतर्कता से बची महिला की जान, डीआरएम ने किया सम्मानित

व्हाट्सएप से जुड़ने को यहाँ क्लीक करें

मुक्तापुर–किशनपुर रेलखंड पर इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकी ट्रेन, सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर: समस्तीपुर रेल मंडल के लोको पायलट और सहायक लोको पायलट की सतर्कता एवं त्वरित निर्णय क्षमता से एक महिला की जान बच गई। इस सराहनीय कार्य के लिए मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा ने दोनों रेलकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

रेल प्रशासन के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को गाड़ी संख्या 12562 में कार्यरत लोको पायलट शिवराज एवं वरिष्ठ सहायक लोको पायलट ब्रजेश कुमार मुक्तापुर–किशनपुर रेलखंड से ट्रेन का संचालन कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर रेलवे ट्रैक पर बैठी एक महिला पर पड़ी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोनों रेलकर्मियों ने तत्काल सूझबूझ का परिचय देते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाया और ट्रेन को समय रहते रोक दिया। इसके बाद महिला को सुरक्षित ट्रैक से हटाकर ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिया गया। उनकी तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और महिला का जीवन सुरक्षित बचाया जा सका।

रेलकर्मियों के इस उत्कृष्ट एवं मानवीय कार्य की सराहना करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (ऑपरेशन) संजय कुमार एवं सहायक विद्युत अभियंता (ऑपरेशन) अशफाक अहमद भी उपस्थित रहे।

रेल मंडल ने दोनों कर्मचारियों की सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और मानवता की भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्य अन्य रेलकर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।

 

*समस्तीपुर से श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, 1 सितंबर से चलेगी भारत दर्शन स्पेशल ट्रेन – Doorbeen News*

समस्तीपुर से श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, 1 सितंबर से चलेगी भारत दर्शन स्पेशल ट्रेन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *