गंगा और वाया नदी की रियल टाइम मॉनिटरिंग शुरू, निजी नावों का अधिग्रहण व एसडीआरएफ की तैनाती की तैयारी

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
पटोरी में बाढ़ से निपटने की तैयारी पूरी, 8 राहत शिविर और मेगा किचन होंगे तैयार

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर: जिले के पटोरी प्रखंड में अगले माह गंगा एवं वाया नदी में संभावित बाढ़ को देखते हुए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रखंड के आठ पंचायतों में संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव कार्यों की व्यापक योजना बनाई गई है।

रविवार को अंचलाधिकारी (सीओ) अभिषेक कुमार एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कुमुद रंजन ने संयुक्त रूप से गंगा नदी के तटबंधों एवं संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इससे पहले जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार पांडेय भी अलग-अलग तैयारियों का निरीक्षण कर चुके हैं।

सीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए प्रखंड में आठ राहत शिविरों का चयन कर लिया गया है। प्रत्येक शिविर में एक-एक मेगा किचन संचालित किया जाएगा, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर भोजन उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने बताया कि गंगा और वाया नदी की रियल टाइम मॉनिटरिंग शुरू कर दी गई है। बाढ़ पीड़ितों के लिए पर्याप्त मात्रा में पॉलीथिन शीट मंगाई जा चुकी है। वहीं राज्य खाद्य निगम को खाद्यान्न भंडारण, स्वास्थ्य विभाग को संभावित बाढ़ प्रभावित पंचायतों में स्वास्थ्य शिविर लगाने तथा डायरिया, सर्पदंश, डॉग बाइट वैक्सीन, ब्लीचिंग पाउडर एवं आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

प्रशासन ने अब तक लगभग एक दर्जन निजी नौकाओं का अधिग्रहण कर लिया है। आवश्यकता पड़ने पर और नावों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा प्रखंड के 14 गोताखोरों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है। अनुमंडल क्षेत्र के मोहनपुर प्रखंड स्थित सरारी घाट के समीप एसडीआरएफ की टीम भी लगातार कैंप करेगी।

सीओ ने बताया कि सभी तटबंधों की मरम्मत पूरी कर ली गई है। जिन इलाकों में कटाव की आशंका है, वहां जिओ बैग में मिट्टी भरकर पर्याप्त मात्रा में भंडारण किया गया है, ताकि आपात स्थिति में तत्काल उसका उपयोग किया जा सके।

उन्होंने कहा कि फिलहाल गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से काफी नीचे है। इसके बावजूद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड में रखा गया है।

*पंचायत दिवस पर विकास पर हुई चर्चा, गुड गवर्नेंस केवल प्रशासनिक व्यवस्था तक सीमित नहीं – Doorbeen News*

पंचायत दिवस पर विकास पर हुई चर्चा, गुड गवर्नेंस केवल प्रशासनिक व्यवस्था तक सीमित नहीं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *