व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर ! सरकार के निर्देशानुसार रविवार को शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत सभी 17 ग्राम पंचायतों के पंचायत भवन, पंचायत सरकार भवन एवं मनरेगा भवन में ” पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में इस बार “गुड गवर्नेंस” (सुशासन) को मुख्य विषय बनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संबंधित पंचायतों के मुखिया ने की, जबकि संचालन पंचायत सचिवों एवं निर्देशानुसार नामित कर्मियों द्वारा किया गया।
पूरे प्रखंड में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत स्तरीय कर्मियों एवं ग्रामीणों ने भाग लेकर पंचायत के सामाजिक, आर्थिक एवं विकास संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आम नागरिकों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से लोक सेवाओं की उपलब्धता तथा पंचायत स्तर पर सुशासन की संस्कृति विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।


वक्ताओं ने कहा कि ग्राम पंचायतें सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। यदि पंचायत स्तर पर प्रशासनिक पारदर्शिता, जवाबदेही, ईमानदारी और संवेदनशीलता को प्राथमिकता दी जाए तो आम लोगों को सरकारी सेवाएं अधिक सरल, सुलभ और गरिमापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराई जा सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि गुड गवर्नेंस केवल प्रशासनिक व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें आधुनिक तकनीक, प्रशासनिक नवाचार, गुणवत्तापूर्ण कार्य प्रणाली, जनोन्मुखी सोच एवं बेहतर आधारभूत संरचना की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सरकारी कार्यों में गुणात्मक सुधार, समयबद्ध निष्पादन, पारदर्शिता और जनविश्वास को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में मुख्यमंत्री पेयजल निश्चय योजना की भी विस्तृत समीक्षा की गई। पंचायत क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति, जलापूर्ति व्यवस्था के रखरखाव, अनुरक्षकों के भुगतान तथा आम लोगों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने कई पंचायतों में जलापूर्ति से संबंधित समस्याओं की जानकारी दी, जिस पर संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।


इसके साथ ही लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण की भावना को मजबूत करते हुए ग्राम पंचायतों में सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए जनभागीदारी आधारित योजना निर्माण पर विशेष चर्चा हुई। “सबका योजना-सबका विकास” की अवधारणा को साकार करने के लिए पंचायत के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सामाजिक न्याय के साथ समावेशी विकास को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, रोजगार, जल संरक्षण, सामाजिक सौहार्द और अन्य स्थानीय ज्वलंत मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
ग्रामीणों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत विकास दिवस स्थानीय समस्याओं के समाधान और विकास की नई दिशा तय करने का प्रभावी मंच बन रहा है।
प्रभारी बीडीओ विवेक रंजन के निर्देश पर पंचायत स्तरीय सभी कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई थी। उनके नेतृत्व में प्रखंड की सभी 17 पंचायतों में कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। बल्लीपुर में मुखिया अनीता देवी, रहटौली में प्रेम कुमार सहनी, मधुरापुर में भरत सिंह, भटौरा में सरिता कुमारी, दसौत में नटवर राय, करियन में संजीव पासवान, रानीपरती में विनोद पासवान, डुमरा मोहन में सुनैना देवी, रजौर रामभद्रपुर में रामचंद्र सिंह, परसा में राजकुमारी देवी, दहियार रन्ना में रिंकू देवी, रहियार उत्तर में धर्मेंद्र कुमार मंडल तथा रहियार दक्षिण में अशर्फी साहनी बंधार, शंकरपुर सहित अन्य पंचायतों के मुखिया ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।


वहीं पंचायत सचिव महेंद्र पासवान, उमेश प्रसाद, रवि रंजन कुमार, जितेंद्र कुमार, मिथिलेश कुमार, सौरव सामंत, संजय कुमार, प्रमोद कुमार राय सहित अन्य ने कार्यक्रम का संचालन किया। प्रभारी बीडीओ विवेक रंजन ने कहा कि पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य केवल बैठक आयोजित करना नहीं, बल्कि ग्राम पंचायतों को सुशासन का सशक्त केंद्र बनाना है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। पंचायत स्तर पर प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं का गंभीरतापूर्वक निराकरण कराया जाएगा, ताकि ग्रामीण विकास की योजनाएं अधिक प्रभावी और परिणामकारी बन सकें।

*कारगिल के वीरों को नमन, आत्मनिर्भर भारत और जल संरक्षण का दिया संदेश – Doorbeen News*
कारगिल के वीरों को नमन, आत्मनिर्भर भारत और जल संरक्षण का दिया संदेश





