व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
बेटी की विदाई को लेकर हुआ विवाद, एफएसएल और डीआईयू टीम कर रही जांच
Dooebeen News Desk: समस्तीपुर: जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के दामाद पर हत्या का आरोप सामने आया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान विजो दास (45 वर्ष), पिता स्वर्गीय सुजान दास, निवासी बंघरा टोला रूपौली, थाना मुसरीघरारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक के दामाद जितेंद्र दास, निवासी चांदचौर गांव, थाना उजियारपुर, ने कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उजियारपुर स्थित उसके घर पर भी छापेमारी की, लेकिन वह फरार मिला।



परिजनों के अनुसार, आरोपी अपनी पत्नी की विदाई कराने ससुराल आया था। किसी कारणवश विदाई नहीं होने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान दामाद ने धारदार हथियार से ससुर पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया है। घटना की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) और डीआईयू (जिला आसूचना इकाई) की टीम को भी लगाया गया है।
समस्तीपुर पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-1) संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।


*गंगा और वाया नदी की रियल टाइम मॉनिटरिंग शुरू, निजी नावों का अधिग्रहण व एसडीआरएफ की तैनाती की तैयारी – Doorbeen News*
गंगा और वाया नदी की रियल टाइम मॉनिटरिंग शुरू, निजी नावों का अधिग्रहण व एसडीआरएफ की तैनाती की तैयारी






