खानपुर बाजार में दिनदहाड़े महिला से ₹55 हजार की चोरी, बैंक से पैसे निकालने के बाद कपड़ा दुकान से झोला लेकर फरार हुआ बदमाश

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: खानपुर (समस्तीपुर): समस्तीपुर जिले के खानपुर बाजार में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े एक महिला से ₹55 हजार नकद, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा झोला चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पीड़िता का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की पहचान में जुट गई है।

बैंक से पैसे निकालकर पहुंची थी खरीदारी करने

जानकारी के अनुसार, खानपुर थाना क्षेत्र के कामोपुर गांव निवासी रिंकू राय की पत्नी चंद्रिका कुमारी ने शुक्रवार दोपहर खानपुर बाजार स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा से अपने खाते से ₹55 हजार निकाले थे। उन्होंने नकदी, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज एक झोले में रखे और इसके बाद कपड़े खरीदने के लिए बाजार की एक दुकान में चली गईं।

कपड़े देखने में व्यस्त थीं, तभी उड़ा ले गए झोला

बताया गया कि महिला दुकान में कपड़े देखने में व्यस्त थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाश ने मौका देखकर रुपयों से भरा झोला लेकर फरार हो गया। जब महिला ने खरीदारी के बाद भुगतान करने के लिए झोला तलाशा तो वह गायब मिला। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिससे आसपास के दुकानदार और लोग मौके पर जुट गए।

महिला ने दो संदिग्ध युवकों पर जताया शक

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब वह दुकान में प्रवेश कर रही थी, उस समय बाहर दो संदिग्ध युवक खड़े थे। उन्हें आशंका है कि उन्हीं लोगों ने वारदात को अंजाम दिया है।

सीसीटीवी फुटेज में दिखा संदिग्ध

घटना की सूचना मिलते ही खानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के अनुसार, फुटेज में एक संदिग्ध युवक का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है। वहीं दो-तीन अन्य संदिग्ध लोग भी दुकान के आसपास घूमते नजर आए हैं। एक बाइक भी फुटेज में दिखाई दी है, जिसके आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित की पहचान की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

प्रमुख बिंदु

  • बैंक से ₹55 हजार निकालने के बाद हुई वारदात।
  • कपड़ा दुकान में खरीदारी के दौरान झोला लेकर फरार हुआ बदमाश।
  • झोले में नकदी के साथ मोबाइल और जरूरी दस्तावेज भी थे।
  • सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवक का चेहरा कैद।
  • पुलिस पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी।

*बिहार में हाई अलर्ट: NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शन को लेकर सरकार सख्त, मुख्य सचिव ने दिया डीएम-एसपी को 24×7 निगरानी के निर्देश – Doorbeen News*

बिहार में हाई अलर्ट: NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शन को लेकर सरकार सख्त, मुख्य सचिव ने दिया डीएम-एसपी को 24×7 निगरानी के निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *