बिहार में हाई अलर्ट: NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शन को लेकर सरकार सख्त, मुख्य सचिव ने दिया डीएम-एसपी को 24×7 निगरानी के निर्देश

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: पटना। बिहार में NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शन और संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलाधिकारियों (DM) एवं पुलिस अधीक्षकों (SP) को चौबीसों घंटे स्थिति की निगरानी करने तथा किसी भी अप्रिय घटना से सख्ती और संवेदनशीलता के साथ निपटने का निर्देश दिया है।

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। किसी भी असामाजिक तत्व को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने सभी डीएम और एसपी को निर्देश दिया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए निर्दोष छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और स्थिति को परिपक्वता एवं संवाद के माध्यम से संभाला जाए।

बैठक में पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने सभी जिलों में दंगा नियंत्रण उपकरण, पर्याप्त पुलिस बल और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख स्थानों पर वीडियो कैमरे और सीसीटीवी कवरेज बढ़ाई जाए ताकि किसी भी घटना का साक्ष्य उपलब्ध रहे।

डीजीपी ने यह भी निर्देश दिया कि कोचिंग संस्थानों से ऑनलाइन एवं ऑफलाइन उपस्थिति का ब्योरा लिया जाए ताकि प्रदर्शन में उनकी संभावित भूमिका की जांच की जा सके। साथ ही सोशल मीडिया पर शांति भंग करने की आशंका वाले 117 संदिग्ध लोगों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर मुख्यालय स्तर से कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस महानिदेशक (अभियान) कुंदन कृष्णन ने अधिकारियों को छात्रों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस छात्र संगठनों एवं छात्र नेताओं से सीधे संवाद स्थापित करें, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उग्र स्थिति बनने से पहले ही बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास करें।

बैठक में सभी जिलों के डीएम, पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG), एसपी तथा पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। सरकार ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का भी सम्मान किया जाएगा, लेकिन हिंसा, उपद्रव या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई होगी।

:प्रमुख बिंदु-
– सभी डीएम-एसपी को 24 घंटे निगरानी रखने का निर्देश।

– सभी जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल और दंगा नियंत्रण उपकरण तैनात होंगे।
– संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी और वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था।
– कोचिंग संस्थानों से उपस्थिति का ब्योरा मांगा जाएगा।
* सोशल मीडिया पर 117 संदिग्धों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी।
* छात्र नेताओं से संवाद कर शांतिपूर्ण समाधान निकालने पर जोर।
* कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी।

*विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में निर्माण कार्य, स्वतंत्रता दिवस और अन्य मुद्दों पर हुई चर्चा – Doorbeen News*

विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में निर्माण कार्य, स्वतंत्रता दिवस और अन्य मुद्दों पर हुई चर्चा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *