किसानों की शिकायतों पर एक्शन मोड में कृषि मंत्री, हेल्पलाइन से खुद किया फोन; बिना बिल खाद बेचने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: पटना। बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को कृषि विभाग के किसान हेल्पलाइन सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की और विभिन्न जिलों के शिकायतकर्ता किसानों से स्वयं फोन पर बात कर समस्याओं की जानकारी ली।

मंत्री ने संबंधित जिला कृषि पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों की शिकायतों का 24 घंटे के भीतर निष्पादन कर कार्रवाई प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री ने सुपौल, सीतामढ़ी और पूर्वी चंपारण के जिला कृषि पदाधिकारियों से भी बातचीत कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि उर्वरक बिक्री के समय ऑनलाइन पीओएस मशीन से जारी बिल देना अनिवार्य होगा। बिना बिल खाद बेचने, निर्धारित कीमत से अधिक वसूली करने, उर्वरक के साथ अन्य उत्पादों की जबरन टैगिंग (क्रॉस सेलिंग) करने वाले विक्रेताओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सभी जिला कृषि पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्रत्येक उर्वरक दुकान पर रेट लिस्ट, उपलब्ध स्टॉक और प्रतिष्ठान का नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हो तथा इसकी नियमित निगरानी की जाए।

कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे बिना बिल उर्वरक न खरीदें। यदि कोई दुकानदार बिल देने से इनकार करे, अधिक कीमत वसूले या जबरन अन्य सामान खरीदने का दबाव बनाए तो किसान तत्काल किसान हेल्पलाइन सेंटर पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई होगी और शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

*समस्तीपुर सदर अस्पताल में शुरू हुआ 4 बेड का आईसीयू, गंभीर मरीजों को अब नहीं जाना पड़ेगा बाहर – Doorbeen News*

समस्तीपुर सदर अस्पताल में शुरू हुआ 4 बेड का आईसीयू, गंभीर मरीजों को अब नहीं जाना पड़ेगा बाहर

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *