व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। समस्तीपुर सदर अस्पताल में बुधवार को चार बेड वाले अत्याधुनिक आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) का शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल माध्यम से आईसीयू का उद्घाटन किया, जबकि सदर अस्पताल परिसर में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। समस्तीपुर में आईसीयू शुरू होने से अब गंभीर मरीजों को तत्काल बेहतर उपचार मिलेगा और उन्हें अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता काफी हद तक कम होगी।


उन्होंने कहा कि अब तक आईसीयू सुविधा नहीं होने के कारण गंभीर मरीजों को रेफर करना पड़ता था, जिससे इलाज के शुरुआती महत्वपूर्ण समय (गोल्डन आवर) का नुकसान होता था और कई मामलों में मरीजों की जान भी चली जाती थी। नई सुविधा से जिले के मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा।
डीएम ने बताया कि सरकार की प्राथमिकता अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराकर रेफरल की संख्या कम करना है। आने वाले समय में समस्तीपुर में स्वास्थ्य सेवाओं का और विस्तार किया जाएगा, जिससे आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा अपने जिले में ही उपलब्ध हो सके।


कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार, डीपीएम ज्ञानेंद्र कुमार, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. गिरीश कुमार, डीपीसी आदित्य कुमार झा, आरिफ अली सिद्दीकी, डॉ. पवन कुमार, डॉ. मनीष शाह, डॉ. पुष्पा रानी, डॉ. नागमणि, डॉ. विशाल कुमार, डॉ. राजीव रंजन झा, डॉ. मेराज हुसैन, डॉ. राजेश कुमार सहित कई चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


*अरवल सिविल सर्जन पर हमले के विरोध में समस्तीपुर सदर अस्पताल की ओपीडी ठप, चिकित्सकों ने दिया एक दिवसीय धरना – Doorbeen News*





