व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी पहल सहयोग शिविर के पांचवें चरण के तहत मंगलवार को समस्तीपुर जिला के शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत डुमरा मोहन, शंकरपुर एवं रजौर रामभद्रपुर पंचायतों में पंचायत सरकार भवन एवं पंचायत भवन परिसर में विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। पंचायत स्तर पर ही आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों, किसानों, मजदूरों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों को सौंपे। शिविर में विभिन्न विभागों के कुल 18 काउंटर लगाए गए थे, जहां विभागवार अधिकारियों एवं कर्मियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
डुमरा मोहन पंचायत भवन परिसर में शिविर की अध्यक्षता नोडल पदाधिकारी सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी अली इकराम ने की, जबकि शंकरपुर एवं रजौर रामभद्रपुर पंचायतों में आयोजित शिविर की अध्यक्षता नोडल पदाधिकारी सह जिला सहकारिता पदाधिकारी अनिल कुमार ने की। तीनों पंचायतों में आयोजित कार्यक्रम का संचालन बीडीओ आलोक कुमार सिंह ने किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ जिला आपूर्ति पदाधिकारी अली इकराम, जिला सहकारिता पदाधिकारी अनिल कुमार, बीडीओ आलोक कुमार सिंह, सीओ अम्बपाली यादव, बीईओ रामजन्म सिंह, बीएओ सतीश कुमार, एमओ नूरजहां, बिजली विभाग के जेई आकाश वर्मा, मनरेगा पीओ बबलू कुमार, सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह तथा डुमरा मोहन की मुखिया सुनैना देवी, शंकरपुर की मुखिया विभा कुमारी एवं रजौर रामभद्रपुर के मुखिया रामचंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का तीनों पंचायतों मे डुमरा मोहन पंचायत में मुखिया सुनैना देवी एवं मुखिया पुत्र सह समाजसेवी संतोष सिंह, शंकरपुर पंचायत में मुखिया विभा कुमारी तथा रजौर रामभद्रपुर पंचायत में मुखिया रामचंद्र सिंह, सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह, पंचायत समिति सदस्य गुंजन सिंह, पंचायत सचिव उमेश प्रसाद, जितेंद्र कुमार एवं सौरव सामंत ने सभी अतिथियों का पाग, चादर एवं माला से सम्मानित किया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने राशन कार्ड में नाम जोड़ने एवं सुधार, मनरेगा जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, कृषि योजनाओं का लाभ, विद्युत आपूर्ति संबंधी शिकायतें, स्वास्थ्य सेवाएं, श्रम विभाग में निबंधन, पशुपालन, जीविका, पेयजल, राजस्व, प्रमाण पत्र तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन संबंधित काउंटरों पर जमा किए। विभागीय अधिकारियों ने गंभीरता से प्रत्येक आवेदन की जांच की तथा बड़ी संख्या में मामलों का मौके पर ही समाधान कर लोगों को राहत दी। जिन मामलों का तत्काल निष्पादन संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया गया।


शिविर में तीनों पंचायतों से कुल 240 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें डुमरा मोहन पंचायत से 53 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 47 मामलों का मौके पर निष्पादन कर दिया गया। शंकरपुर पंचायत से 97 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 91 मामलों का समाधान किया गया। वहीं रजौर रामभद्रपुर पंचायत से 90 आवेदन मिले, जिनमें 85 मामलों का निष्पादन तत्काल कर दिया गया। शेष आवेदनों को नियमानुसार संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
अधिकारियों ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को प्रखंड एवं जिला मुख्यालय के अनावश्यक चक्कर से राहत दिलाना तथा पंचायत स्तर पर ही सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। शिविर के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का पारदर्शी एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे शासन और आमजन के बीच विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
मौके पर जीविका बीपीएम नीतू कुमारी, सुजीत कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी नीतू कुमारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार, पीएचईडी के जेई हिमांशु कुमार, नवीन कुमार सिंह, बीसीओ शिव दर्शन पासवान, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी सरोज कुमार, मुखिया नटवर राय, सुनील यादव, रोजगार सेवक रोशन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे दिन चले शिविर में लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और पंचायत स्तर पर समस्याओं के समाधान की इस पहल को ग्रामीणों ने सराहनीय बताया।


*DM एवं SP ने सहयोग शिविर में सुनीं आमजन की समस्याएं, प्रमाण-पत्र एवं जॉब कार्ड का किया वितरण – Doorbeen News*
DM एवं SP ने सहयोग शिविर में सुनीं आमजन की समस्याएं, प्रमाण-पत्र एवं जॉब कार्ड का किया वितरण





