व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: जिलाधिकारी समस्तीपुर रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने सोमवार को सरायरंजन प्रखंड अंतर्गत हरपुरा बहरेता एवं अख्तियारपुर बलभद्र पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में भाग लेकर आमजन की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने शिविर में प्राप्त आवेदनों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, आवास, भूमि विवाद, पेयजल, विद्युत, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन कार्ड, पेंशन एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उसका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।



पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने भी लोगों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि अथवा असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
इस अवसर पर पूर्व में प्राप्त एवं निष्पादित आवेदनों के लाभार्थियों के बीच जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र एवं जॉब कार्ड का वितरण भी किया गया। लाभार्थियों ने समय पर सेवाओं का लाभ मिलने पर जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य प्रशासन को गांव-गांव तक पहुंचाकर आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पूरी पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ पहुंचाया जाए।
सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।



*आवास योजना में अनियमितता व घूसखोरी के खिलाफ 25 जुलाई को प्रखंड-अंचल घेराव का आह्वान – Doorbeen News*
आवास योजना में अनियमितता व घूसखोरी के खिलाफ 25 जुलाई को प्रखंड-अंचल घेराव का आह्वान





