व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: सहरसा/समस्तीपुर। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और मद्य निषेध विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 15284 की जनरल बोगी से 10 किलो 200 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
रेलवे सुरक्षा बल को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त ट्रेन में एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर यात्रा कर रहा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ निरीक्षक धनंजय कुमार ने मार्ग रक्षण दल को संदिग्ध यात्री पर निगरानी रखने और उसे सुरक्षित सहरसा तक लाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही राजकीय रेल पुलिस एवं मद्य निषेध विभाग सहरसा से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की गई।


शनिवार सुबह ट्रेन के सहरसा स्टेशन पहुंचने पर जनरल कोच की सीट संख्या 79 के नीचे रखे दो पिट्ठू बैगों की जांच की गई। पूछताछ में यात्री ने बैग अपना बताया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। बैग खोलने पर उनमें गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बनमनखी से गांजा लेकर समस्तीपुर एक व्यक्ति को डिलीवरी देने गया था, लेकिन संबंधित व्यक्ति नहीं मिलने पर वह गांजा लेकर वापस लौट रहा था।
मजिस्ट्रेट मनोज कुमार, सहायक आयुक्त, मद्य निषेध सहरसा की मौजूदगी में इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर कुल 10.2 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए गांजा जब्त कर लिया गया।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल कुमार (33 वर्ष), पिता जगदीश यादव, निवासी बालू टोला, वार्ड-11, थाना सरसी, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है।
मद्य निषेध विभाग ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप किसके लिए लाई गई थी और इसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।


*समस्तीपुर रेल मंडल की डीआरयूसीसी बैठक में यात्री सुविधाओं पर मंथन, डीआरएम बोले– जनहित के सुझावों पर होगी प्राथमिकता से कार्रवाई – Doorbeen News*





