व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
समस्तीपुर। समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित “मंथन सभागार” में शनिवार को मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) की तृतीय बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने की, जबकि संचालन वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनन्या स्मृति ने किया। बैठक में समिति के 27 सदस्यों के साथ मंडल के सभी शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।
डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने कहा कि डीआरयूसीसी रेल प्रशासन और यात्रियों के बीच संवाद का महत्वपूर्ण मंच है। समिति से मिलने वाले सुझावों के आधार पर यात्री सुविधाओं में सुधार और विकास कार्यों को गति दी जाती है। उन्होंने बताया कि समस्तीपुर मंडल ट्रैक रूट किलोमीटर के आधार पर पूर्व मध्य रेल का सबसे बड़ा मंडल है तथा यहां 787 समपार फाटक हैं। बढ़ती यातायात जरूरतों को देखते हुए आरओबी और आरयूबी निर्माण पर भी प्राथमिकता से काम किया जा रहा है।


उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित 23 स्टेशनों में से 6 स्टेशनों का आधुनिकीकरण पूरा हो चुका है, जबकि अगले दो-तीन माह में छह अन्य स्टेशनों का कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। स्टेशनों पर सीसीटीवी, आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली, कोच गाइडेंस डिस्प्ले, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड का दोहरीकरण पूरा हो चुका है, जबकि बेतिया स्टेशन पर 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज यात्रियों को समर्पित किया गया है। दरभंगा स्टेशन पर लिफ्ट एवं एस्केलेटर तथा बगहा व नरकटियागंज स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य भी प्रगति पर है।
बैठक के दौरान सदस्यों ने विभिन्न स्टेशनों पर पेयजल, स्वच्छता, प्रतीक्षालय, शौचालय, यात्री सुरक्षा, समय-सारणी, स्टेशन विकास, मॉड्यूलर शौचालय और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। संबंधित अधिकारियों ने इन पर तथ्यात्मक जानकारी दी तथा आवश्यक कार्रवाई की रूपरेखा प्रस्तुत की।


डीआरएम ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करने और रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों एवं नियमों के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का भरोसा दिया। बैठक के अंत में अपर मंडल रेल प्रबंधक सन्नी सिन्हा ने सभी सदस्यों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति के सुझाव समस्तीपुर मंडल में यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


*निश्चय 3 उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य’ के तहत सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय का मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल उद्घाटन – Doorbeen News*





