व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
समस्तीपुर। जिले के मोहिउद्दीननगर थाना परिसर से शनिवार सुबह एक बेहद दुखद घटना सामने आई। डायल-112 में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) बबलू प्रसाद का शव थाना भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित एक खाली कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बबलू प्रसाद का शुक्रवार को समस्तीपुर जिले के ही कल्याणपुर थाना में डायल-112 के तहत तबादला हुआ था और उन्हें शनिवार को नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देना था। लेकिन शुक्रवार देर रात उन्होंने थाना भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित एक खाली कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।


शनिवार सुबह अन्य पुलिसकर्मियों ने कमरे में उनका शव लटकता देखा, जिसके बाद वरीय अधिकारियों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पटोरी एसडीपीओ समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए कमरे को सील कर दिया गया है।
मृतक एएसआई की पहचान बबलू प्रसाद के रूप में हुई है। उनका परिवार पश्चिम चंपारण के बगहा में रहता है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी परिजनों की मौजूदगी में पूरी की जाएगी।


समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि एफएसएल टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


*समस्तीपुर में दर्दनाक हादसा: बच्चों को सड़क पार करा रहे स्कूल बस चालक को हाइवा ने कुचला, मौके पर मौत – Doorbeen News*
समस्तीपुर में दर्दनाक हादसा: बच्चों को सड़क पार करा रहे स्कूल बस चालक को हाइवा ने कुचला, मौके पर मौत





