व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर बाजार में छत्रपति शिवाजी महाराज की आदमकद प्रतिमा स्थापना के लिए चलाया जा रहा जनसहयोग अभियान अब जनभागीदारी का सशक्त उदाहरण बनता जा रहा है। क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों और गांवों से लोग स्वेच्छा से आगे आकर आर्थिक सहयोग दे रहे हैं। अभियान को मिल रहे लगातार समर्थन से प्रतिमा स्थापना संघ के सदस्यों में उत्साह का माहौल है। समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता से यह पहल अब केवल प्रतिमा स्थापना तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि सामाजिक एकता, राष्ट्रभक्ति और ऐतिहासिक चेतना से जुड़े जनआंदोलन का स्वरूप लेती दिखाई दे रही है।
इसी क्रम में रानीपरती पंचायत के बंडीहा गांव निवासी बीस सूत्री अध्यक्ष संतोष कुमार बबली ने प्रतिमा स्थापना के लिए 55 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान कर अभियान को नई ऊर्जा दी। उनके इस योगदान की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। वहीं कटघारा गांव निवासी सत्यम कुमार उर्फ छोटू ने 51 हजार रुपये, पूरा गांव निवासी संतोष कमल ने 11 हजार रुपये, महदेवा गांव निवासी कैलाश सिंह ने 5 हजार 100 रुपये तथा बंडीहा गांव निवासी रणवीर सिंह ने 2 हजार 500 रुपये की सहयोग राशि देकर इस सामाजिक अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।


प्रतिमा स्थापना संघ के पदाधिकारियों ने सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आर्थिक सहयोग समाज में राष्ट्रनायकों के सम्मान और नई पीढ़ी को प्रेरणा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। संघ के अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से गांव गांव जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत लोगों से प्रत्यक्ष संपर्क कर उन्हें छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष, राष्ट्रप्रेम, संगठन क्षमता और स्वाभिमान के संदेश से अवगत कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रो. नंद कुमार सिंह, अखिलेश कुमार सिंह, चंदन कुमार सहित संघ के अन्य सदस्य लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर लोगों को इस अभियान से जोड़ रहे हैं। लोगों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि समाज अपने गौरवशाली इतिहास और महान विभूतियों के सम्मान के प्रति पूरी तरह जागरूक है। संघ के सदस्यों ने बताया कि प्रतिमा स्थापना के लिए उपयुक्त स्थल का चयन कर लिया गया है। अब मूर्तिकार से छत्रपति शिवाजी महाराज की आदमकद प्रतिमा तैयार कराकर शीघ्र स्थापना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित करने की भी तैयारी है, जिसमें सामाजिक, शैक्षणिक, राजनीतिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र के प्रमुख लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की दिशा में व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। क्षेत्र के शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का मानना है कि शिवाजीनगर में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित होने से युवाओं में राष्ट्रभक्ति, साहस, अनुशासन, स्वाभिमान और सामाजिक समरसता की भावना को नई मजबूती मिलेगी।
उनका कहना है कि ऐसे प्रेरणास्रोत महापुरुषों की स्मृतियों को संजोना समाज की साझा जिम्मेदारी है। जनसहयोग से आगे बढ़ रहा यह अभियान इस बात का प्रमाण है कि जब समाज किसी सकारात्मक उद्देश्य के लिए एकजुट होता है तो बड़े से बड़ा संकल्प भी साकार हो सकता है। बीस सूत्री अध्यक्ष संतोष कुमार बबली ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज केवल एक महान योद्धा ही नहीं, बल्कि राष्ट्र गौरव, स्वाभिमान, सुशासन और जनकल्याण के प्रतीक हैं। शिवाजीनगर में उनकी प्रतिमा स्थापित होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय होगा। मेरा यह सहयोग किसी व्यक्तिगत योगदान से अधिक समाज के प्रति मेरा दायित्व है।
मैं चाहता हूं कि हमारी नई पीढ़ी शिवाजी महाराज के आदर्शों, साहस, संगठन क्षमता और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा लेकर समाज और देश के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि वे अपनी क्षमता के अनुसार इस अभियान से जुड़ें और इसे जनभागीदारी का ऐतिहासिक उदाहरण बनाएं।


*डिक्की तोड़कर 90 हजार रुपये उड़ा ले गए बदमाश, बीडीओ कार्यालय परिसर में दिनदहाड़े वारदात से मचा हड़कंप – Doorbeen News*





