डिक्की तोड़कर 90 हजार रुपये उड़ा ले गए बदमाश, बीडीओ कार्यालय परिसर में दिनदहाड़े वारदात से मचा हड़कंप

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk:  सिंघिया प्रखंड मुख्यालय के बीडीओ कार्यालय परिसर के समीप दिनदहाड़े बाइक की डिक्की तोड़कर 90 हजार रुपये उड़ा लेने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलते ही सिंघिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए बदमाशों की पहचान में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार कुंडल-दो पंचायत के निमी गांव निवासी मोहम्मद सदुल अपनी पत्नी शबाना खातून के साथ बाइक से भारतीय स्टेट बैंक सिंघिया पहुंचे थे। बैंक से शबाना खातून ने अपने खाते से 90 हजार रुपये की निकासी की। रुपये को सुरक्षित समझकर बाइक की डिक्की में रख दिया गया। इसके बाद दोनों किसी आवश्यक कार्य से प्रखंड कार्यालय पहुंचे।

बाइक को बीडीओ कार्यालय समीप में खड़ा कर मोहम्मद सदुल अंचल कार्यालय में काम से चले गए, जबकि शबाना खातून बाहर खड़ी होकर मोबाइल पर किसी से बातचीत कर रही थीं।
इसी दौरान पहले से घात लगाए अज्ञात बदमाशों ने मौका पाकर बाइक की डिक्की तोड़ दी और उसमें रखे 90 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। कुछ देर बाद जब डिक्की खोली गई तो रुपये गायब देखकर दंपती के होश उड़ गए।

शबाना खातून परिसर में ही फफक-फफक कर रोने लगीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना तत्काल सिंघिया थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारियों को मौके पर भेजा गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास जारी है। पुलिस ने लोगों से भी बैंक से बड़ी राशि निकालने के बाद अतिरिक्त सतर्कता बरतने और वाहन में नकदी छोड़कर अन्यत्र नहीं जाने की अपील की है।

*उर्स-ए-मखदूम अशरफ पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने भेजी चादर – Doorbeen News*

उर्स-ए-मखदूम अशरफ पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने भेजी चादर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *