व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड क्षेत्र के हथौड़ी थाना अंतर्गत बंधार पंचायत के परशुराम गांव वार्ड 18 में गुरुवार को पानी के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चार दिन पहले सप्लाई के पानी को लेकर हुए विवाद की रंजिश में एक 16 वर्षीय किशोर को पकड़कर सुनसान जगह ले जाया गया। जहा उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल किशोर को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवाजीनगर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया।
घटना की सूचना पर पहुंची हथौड़ी थाना के डायल 112 पुलिस टीम के साथ भी आरोपित पक्ष के लोगों ने कथित रूप से हाथापाई और अभद्र व्यवहार किया है ।जिसमें दो पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आने की बात कही जा रही है। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दिया है।
घायल किशोर की पहचान परशुराम गांव वार्ड 18 निवासी अरुण कुमार झा के पुत्र सूरज कुमार झा उम्र 16 के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि करीब चार दिन पहले गांव में सप्लाई के पानी को लेकर विवाद हुआ था। उस समय पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण कुछ लोगों को पानी नहीं दिया जा सका था। इसी बात को लेकर आरोपित पक्ष ने कथित रूप से धमकी दी थी कि इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा।
परिजनों के अनुसार गुरुवार की सुबह सूरज कुमार झा शौच के लिए घर से निकला था। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि दिलीप झा के पुत्र शिवम झा, स्व. श्री झा के पुत्र हेमा झा तथा अन्य लोगों ने उसे जबरन पकड़कर मध्य विद्यालय परशुराम के पीछे बास बीट के समीप स्थित एक झोपड़ी में ले जाकर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

परिजनों ने बताया कि मारपीट के दौरान किशोर के आंख, सिर, गला, हाथ तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के काफी देर बाद सूरज का चचेरा भाई शौच के लिए उसी रास्ते से गुजर रहा था। उसने किशोर को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा और तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवाजीनगर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया गया।

इधर घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने हथौड़ी थाना के डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर एसआई विनोद कुमार सिंह, महिला सिपाही शहनाज खातून तथा सिपाही अमन कुमार घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस जब आरोपित पक्ष के घर पहुंची तो वहां माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि घर के महिला एवं पुरुष सदस्यों ने पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए हाथापाई शुरू कर दी।
इस दौरान पुलिसकर्मियों को धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ा और उनकी राइफल छीनने का भी प्रयास किया गया। हाथापाई में महिला सिपाही शहनाज खातून एवं सिपाही अमन कुमार को हल्की चोटें आईं।स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही हथौड़ी थाना को अवगत कराया गया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए, जिससे कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने मौके से स्व. श्री झा के पुत्र महाकांत झा को हिरासत में लिया।जबकि अन्य आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि मामूली विवाद को लेकर जिस प्रकार हिंसा हुई, उससे लोग भयभीत हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उधर एसआई विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे डायल 112 पर मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची और जांच के बाद आरोपित पक्ष के घर गई। वहां कुछ महिला एवं पुरुष पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज और हाथापाई करने लगे। इस दौरान दो पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आईं। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है तथा पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हथौड़ी थाना अध्यक्ष मौसम ने कहा कि पीड़ित के आवेदन पर भी प्राथमिक दर्ज होगी और पुलिस के साथ हाथापाही मामले में भी प्राथमिक दर्ज होगी दो मामला दर्ज किया जाएगा।

*समस्तीपुर में हत्या का 72 घंटे में खुलासा: सद्दाम हत्याकांड के 3 आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद – Doorbeen News*





