व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत बल्लीपुर गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने राशन कार्ड से कथित रूप से अवैध तरीके से नाम हटाए जाने तथा आरडीपीएस पोर्टल से जुड़ी अनियमितताओं को लेकर गुरुवार को प्रखंड कार्यालय पहुंचकर बीडीओ आलोक कुमार सिंह को एक लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन के माध्यम से ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करते हुए पात्र लाभुकों का राशन कार्ड तत्काल पूर्ववत करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।


ग्रामीणों की ओर से स्व हरेंद्र झा के पुत्र गगन झा ने आवेदन देते हुए कहा कि बल्लीपुर गांव के अनेक पात्र परिवारों का नाम बिना किसी पूर्व सूचना, जांच अथवा सत्यापन के राशन कार्ड से काट दिया गया है तथा कई कार्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। उनका आरोप है कि गलत डाटा अपलोड किए जाने और संबंधित व्यवस्था की मनमानी के कारण गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे ग्रामीणों में गहरा असंतोष और आक्रोश व्याप्त है।


आवेदन में कहा गया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली का उद्देश्य गरीब परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराना है, लेकिन पात्र लोगों के नाम हट जाने से उनके समक्ष खाद्यान्न का संकट उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की पारदर्शी जांच कर वास्तविक लाभुकों का नाम पुनः जोड़ने तथा भविष्य में ऐसी त्रुटियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की है।
बीडीओ को दिए गए आवेदन पर बल्लीपुर निवासी गगन झा, मुकुंद चौधरी, रजनीकांत झा, सर्वेश चौधरी, संजीव चौधरी, धर्मेंद्र कुमार चौधरी, सर्वेश कुमार चौधरी सहित एक दर्जन ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। आवेदन की एक प्रति जिला पदाधिकारी को भी भेजी गई है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन शीघ्र हस्तक्षेप कर पात्र लाभुकों को उनका अधिकार दिलाएगा, अन्यथा वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

*मामूली विवाद के कारण किशोर को मारपीट कर गंभीर रूप से किया जख्मी, आरोपी ने पुलिस के साथ भी धक्का मुक्की का किया – Doorbeen News*





