व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: पटना। बिहार में मानसूनी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के 26 जिलों में आंधी, तेज हवा और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, बक्सर, भोजपुर, पटना, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, लखीसराय, शेखपुरा, गया, नवादा, कैमूर, औरंगाबाद और रोहतास शामिल हैं। इन जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है।


वहीं सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा और वैशाली जिलों में भारी बारिश की विशेष चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही वज्रपात और तेज हवा चलने की भी आशंका जताई गई है।


विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक पूरे बिहार में मौसम का यही मिजाज बना रहेगा। राजधानी पटना समेत दक्षिण बिहार के कई जिलों में भी अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। प्रशासन ने भी संबंधित जिलों को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।


*ताजपुर में पत्नी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार – Doorbeen News*
ताजपुर में पत्नी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार





