व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरपुर भिंडी पंचायत में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रविवार देर रात एक युवक ने अपनी पत्नी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही ताजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
मृतका की पहचान सोनी देवी के रूप में हुई है। जबकि आरोपी पति विक्की कुमार बताया गया है। जानकारी के अनुसार रविवार रात घर के अन्य सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान विक्की कुमार ने कथित रूप से अपनी पत्नी के सिर पर लोहे की रॉड से कई वार कर दिए। महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।


घटना के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव मायके पक्ष को सौंप दिया गया। इस बीच ससुराल के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए। बाद में ग्रामीणों की मौजूदगी में महिला का अंतिम संस्कार किया गया।
पूर्व मुखिया सुरेंद्र राय ‘अटल’ ने बताया कि आरोपी की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं बताई जा रही थी और घर में अक्सर विवाद होता रहता था। परिवार में उसकी वृद्ध मां और अविवाहित बहन रहती हैं, जबकि पिता पश्चिम बंगाल के वर्धमान में मजदूरी करते हैं।


मृतका के पिता लाल बाबू साह, जो सरायरंजन प्रखंड के बरबट्टा गांव के निवासी हैं, ने बताया कि तीन वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी बेटी की शादी विक्की कुमार से की थी। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही दामाद की मानसिक स्थिति बिगड़ने लगी थी। उन्होंने बताया कि परिवार ने विक्की की दूसरी शादी कराने की योजना बनाई थी, जिसका उनकी बेटी विरोध कर रही थी। करीब दस दिन पहले ही सोनी देवी ससुराल लौटी थी।
पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर हत्या के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।


*मोतीपुर में खेग्रामस का सदस्यता अभियान, जनमुद्दों पर संघर्ष तेज करने का ऐलान – Doorbeen News*
मोतीपुर में खेग्रामस का सदस्यता अभियान, जनमुद्दों पर संघर्ष तेज करने का ऐलान





