सरकारी दवा की आड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़, ट्रक से 400 कार्टन बीयर जब्त

व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करे

 

Doorbeen News Desk: पटना। बिहार में शराबबंदी के बीच पटना सिटी में सरकारी दवा की खेप की आड़ में अंग्रेजी शराब की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 400 कार्टन बीयर बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के सहायक आयुक्त प्रेम प्रकाश को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में सरकारी दवाओं की आड़ में शराब की खेप ले जाई जा रही है। इसके बाद मद्य निषेध निरीक्षक अजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर अगमकुआं थाना क्षेत्र स्थित एनएच किनारे एक पेट्रोल पंप पर खड़े हरियाणा नंबर के ट्रक पर छापेमारी की गई।

जांच के दौरान ट्रक में “Bihar Government Supply, Not For Sale” अंकित सरकारी दवाओं की खेप मिली। इसी खेप के बीच छिपाकर रखे गए 400 कार्टन बीयर भी बरामद किए गए। अधिकारियों के मुताबिक ट्रक से 9,600 कैन, यानी करीब 4,800 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई है।

उत्पाद विभाग के अनुसार, बरामद शराब की बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सरकारी दवा की आड़ में संगठित तरीके से शराब की तस्करी की जा रही थी। अब विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था।

छापेमारी दल में दारोगा सोनम कुमारी, एसआई अजीत पटेल, डब्ल्यू कुमार, विनीता कुमारी, तथा सिपाही अभिजीत, सुरेंद्र, प्रदीप और संदीप शामिल थे।

फिलहाल ट्रक, सरकारी दवाओं की खेप और बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है। उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग पूरे मामले की गहन जांच में जुटा है और तस्करी से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर आगे की कार्रवाई कर रहा है।

*बिहार के 26 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का ऑरेंज अलर्ट, समस्तीपुर समेत कई जिलों में सतर्क रहने की अपील – Doorbeen News*

बिहार के 26 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का ऑरेंज अलर्ट, समस्तीपुर समेत कई जिलों में सतर्क रहने की अपील

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *