मोतीपुर में खेग्रामस का सदस्यता अभियान, जनमुद्दों पर संघर्ष तेज करने का ऐलान

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk/समस्तीपुर। अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) ने रविवार को ताजपुर प्रखंड के मोतीपुर गांव में सदस्यता अभियान चलाया। अभियान के दौरान ग्रामीण मजदूरों, भूमिहीनों, सीमांत किसानों और गरीब परिवारों को संगठन से जोड़ने के साथ-साथ जनसरोकार के मुद्दों पर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया।

सदस्यता अभियान के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि ग्रामीण गरीबों के वास-आवास, भूमि, जीविका और सम्मान के अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक संघर्ष चलाया जाएगा। उन्होंने मनरेगा के तहत 200 दिनों का रोजगार, प्रतिदिन 700 रुपये मजदूरी, भूमिहीन परिवारों को वास भूमि, वनाधिकार कानून का प्रभावी क्रियान्वयन, जीविका एवं माइक्रो फाइनेंस के कर्ज की माफी तथा सस्ती दर पर ऋण उपलब्ध कराने की मांग उठाई।

उन्होंने कहा कि पंचायत से लेकर उच्च स्तर तक व्याप्त भ्रष्टाचार, अपराध, माफिया-पुलिस गठजोड़ और सांप्रदायिक तथा सामंती ताकतों के खिलाफ संगठन संघर्ष को और तेज करेगा। साथ ही राशन, पेंशन, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा जैसे बुनियादी अधिकारों को लेकर भी जनआंदोलन चलाया जाएगा।

सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने ताजपुर थाना कांड संख्या 98/26 एवं महिला थाना कांड संख्या 61/26 के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि पुलिस शीघ्र कार्रवाई नहीं करती है तो पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष आंदोलन किया जाएगा।

सभा को भाकपा (माले) प्रखंड कमेटी सदस्य ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह एवं राजदेव प्रसाद सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा, सम्मानजनक रोजगार, काम पाने के अधिकार तथा वृद्धावस्था पेंशन को बढ़ाकर 3000 रुपये प्रतिमाह करने की मांग उठाई।

अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने खेग्रामस की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में मोतीलाल सिंह, जीतेंद्र कुमार समेत अनेक ग्रामीण और संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

*समस्तीपुर कॉलेज में राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस पर संगोष्ठी, प्रशासनिक डेटा के बेहतर उपयोग पर दिया गया जोर – Doorbeen News*

समस्तीपुर कॉलेज में राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस पर संगोष्ठी, प्रशासनिक डेटा के बेहतर उपयोग पर दिया गया जोर

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *