बीस सूत्री की बैठक में एफसीआई गोदाम, नल-जल, बिजली व पैक्स व्यवस्था पर उठे सवाल, अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड मुख्यालय के सभागार भवन में गुरुवार को बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीस सूत्री के अध्यक्ष संतोष कुमार बबली ने की, जबकि संचालन उपाध्यक्ष किशोरी प्रसाद सिंह ने किया। बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों सहित कुल 15 सदस्यों में से 8 सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के दौरान एफसीआई गोदाम, पैक्स, बिजली विभाग, पीएचईडी, आंगनबाड़ी, शिक्षा एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। विभिन्न विभागों की कार्यशैली को लेकर सदस्यों ने खुलकर अपनी बातें रखीं और कई गंभीर मुद्दों को सदन के समक्ष उठाया।

बैठक का शुभारंभ औपचारिक रूप से किया गया। इस अवसर पर बीडीओ आलोक कुमार सिंह ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्यों तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को गमछा भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा शुरू हुई।
बैठक में सदस्य सरोज कुमार ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि पूरे प्रखंड क्षेत्र में शौचालय निर्माण के बाद लाभुकों को समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है तथा कई मामलों में नाम की ऑनलाइन प्रविष्टि भी नहीं हो रही है। इससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से शौचालय योजनाओं की प्रविष्टि एवं भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की।

उन्होंने पैक्स के माध्यम से होने वाली फसल खरीद पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों से वास्तविक रूप से फसल खरीदने के बजाय कागजों पर खरीदारी दिखाने की शिकायतें मिल रही हैं। इसकी निष्पक्ष जांच के लिए जांच समिति गठित करने की मांग की गई। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि प्रखंड के अधिकांश आंगनबाड़ी केंद्र कागजों पर संचालित हो रहे हैं। इस मामले की भी जांच समिति बनाकर जांच कराने की आवश्यकता बताई।

परसा पंचायत की नल-जल योजना की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सरोज कुमार ने कहा कि पंचायत के कई वार्डों में पीएचईडी द्वारा लगाए गए समरसेबल पंपों के बाद कोई आगे की कार्रवाई नहीं की गई है। विशेष रूप से वार्ड 12, 15, 11, 09 एवं 07 में नल-जल का पानी लोगों को नहीं मिल रहा है।

बिजली व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि सभी किसानों के बोरिंग तक बिजली पोल एवं तार पहुंचाया जाना चाहिए। वहीं परसा पंचायत के खरसाम वार्ड 12 में स्थापित दो ट्रांसफार्मरों में उपभोक्ताओं का असमान भार होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। एक ट्रांसफार्मर पर मात्र दस घर जुड़े हैं, जबकि दूसरे पर ढाई सौ से अधिक घरों का भार है। उन्होंने दोनों ट्रांसफार्मरों पर भार का समान वितरण करने की मांग की।

राशन कार्ड से नाम हटाने के मामले को उठाते हुए उन्होंने कहा कि बिना पूर्व सूचना गरीब परिवारों का नाम राशन कार्ड से हटाया जा रहा है, जो उचित नहीं है। नाम हटाने से पहले संबंधित लाभुकों को नोटिस दिया जाना चाहिए। वहीं शिक्षा विभाग से संबंधित मुद्दा उठाते हुए उन्होंने परसा पंचायत के विद्यालयों में विकास मद की राशि के खर्च की जांच अपने समक्ष कराने तथा उसकी रिपोर्ट प्रखंड कार्यालय को उपलब्ध कराने की मांग की।

बैठक के दौरान अध्यक्ष संतोष कुमार बबली ने कहा कि जिन विभागों के अधिकारी बैठक में अनुपस्थित रहे हैं, उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीस सूत्री की बैठक सरकार की योजनाओं की समीक्षा का महत्वपूर्ण मंच है और इसमें अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए।

सदस्यों ने यह भी मुद्दा उठाया कि नए प्रखंड कार्यालय भवन में छह से सात माह से कार्य संचालन हो रहा है, लेकिन अब तक नल-जल का कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया गया है। सदस्य राम पुकार मंडल ने कहा कि परसा पंचायत में नल-जल योजना की स्थिति अत्यंत खराब है। उन्होंने यह भी बताया कि कई जगहों पर बिजली के तार बांस के खंभों के सहारे घरों तक पहुंचाए गए हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

सदस्य ललित कुमार झा ने जाखर धरमपुर पंचायत के वार्ड सात में नल-जल योजना की बदहाल स्थिति का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं, जबकि पीएचईडी के जिम्मेदार अधिकारी फोन तक नहीं उठाते हैं। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण नल-जल योजना पर ही निर्भर हैं, लेकिन उसकी स्थिति संतोषजनक नहीं है। साथ ही वर्षों से खुले एवं जर्जर बिजली तारों को बदलने की मांग भी की। सदस्य ओवैश करनी ने रहटौली पंचायत में स्कूल परिसर से बिजली का तार खींचकर चार-पांच मुर्गी फार्मों को आपूर्ति दिए जाने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि बिना खंभा लगाए बिजली आपूर्ति की जा रही है, जिससे कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है।

उन्होंने पंचायत में नल-जल योजना की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। सदस्य निर्दोष कुमार सिंह ने सीडीपीओ से आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता जांचने की मांग की। उन्होंने कहां कि एफसीआई गोदाम की जांच कर यह सुनिश्चित करने की भी मांग की कि लाभुकों को गुणवत्तापूर्ण राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं बीईओ से रानीपरती पंचायत के दो विद्यालयों में अब तक चारदीवारी निर्माण नहीं होने का कारण जानने एवं आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई। बैठक में उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों एवं प्रगति की जानकारी विस्तार से दी।

बैठक में सदस्य अनिल कुमार सिंह, कैलाश पंडित, अरुण कुमार मुखिया, बीडीओ आलोक कुमार सिंह, बीईओ रामजन्म सिंह, बीएओ सतीश कुमार, एमओ नूरजहां, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी शिव दर्शन पासवान, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार, बिजली जेई आकाश वर्मा, जीविका बीपीएम नीतू कुमारी, बाल विकास परियोजना की एलएस सोनम प्रिया, स्वास्थ्य प्रबंधक अमानुल्लाह, अंचल कार्यालय लिपिक नीतीश कुमार सिंह, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी सरोज कुमार पासवान, प्रखंड समन्वयक विजय कुमार सहित अन्य थे। बैठक में उठाए गए विभिन्न प्रस्तावों एवं समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन संबंधित विभागों द्वारा दिया गया।

*सिंघिया में 66.975 लीटर विदेशी शराब जब्तः छापेमारी में एक आरोपी गिरफ्तार – Doorbeen News*

सिंघिया में 66.975 लीटर विदेशी शराब जब्तः छापेमारी में एक आरोपी गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *