व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: पटना। बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) और आपदा प्रबंधन विभाग ने अगले तीन घंटे के लिए राज्य के 11 जिलों में वज्रपात, तेज गरज और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
अलर्ट के दायरे में बेगूसराय, गया, जहानाबाद, लखीसराय, नालंदा, नवादा, पटना, समस्तीपुर, सारण, शेखपुरा और वैशाली जिले शामिल हैं। इन जिलों में कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देश के बाद संबंधित जिलों के प्रशासन ने सभी प्रखंड और अंचल अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। संभावित आपदा से निपटने के लिए स्थानीय स्तर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

लोगों के लिए जारी की गई सलाह
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़ या बिजली के खंभों के पास जाने से बचें। सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें और यदि यात्रा कर रहे हों तो वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोक दें।
इसके अलावा बिजली चमकने के दौरान मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का खुले स्थान पर उपयोग करने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों और खेतों में काम कर रहे लोगों से भी मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थान पर रहने को कहा गया है।
आपदा प्रबंधन विभाग ने कहा है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी अलर्ट जारी किए जाएंगे। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।




*बीस सूत्री की बैठक में एफसीआई गोदाम, नल-जल, बिजली व पैक्स व्यवस्था पर उठे सवाल, अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग – Doorbeen News*







