व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करे
Doorbeen News Desk: गोपालगंज। बॉलीवुड अभिनेता Pankaj Tripathi के बड़े भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर बिहार के गोपालगंज जिले में कथित रूप से जानलेवा हमला किया गया है। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति चिंताजनक बताई है।
जानकारी के अनुसार, घटना गोपालगंज जिले के बरौली प्रखंड अंतर्गत माधोपुर थाना क्षेत्र के बेलसंद गांव की है, जो अभिनेता पंकज त्रिपाठी का पैतृक गांव भी है। बताया जा रहा है कि बिजेंद्र नाथ तिवारी गांव में मौजूद थे, तभी घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, हमले के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। आरोप है कि हमलावरों ने अचानक हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।



सूत्रों के अनुसार, बिजेंद्र तिवारी के शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस हमले के कारणों और आरोपितों की पहचान को लेकर जांच में जुटी है। वहीं इस घटना के बाद बेलसंद गांव और आसपास के इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा दोषियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




*समस्तीपुर का सवा लाख का इनामी बदमाश यूपी STF मुठभेड़ में ढेर, 7 हत्याओं समेत दर्जनों संगीन मामलों में था वांछित – Doorbeen News*





