संघर्ष से सफलता तक: खानपुर के सरोज पासवान बने बीपीआरओ, क्षेत्र में खुशी की लहर

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर/खानपुर। समस्तीपुर जिले के खानपुर प्रखंड अंतर्गत नत्थूद्वार गांव निवासी सरोज पासवान ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता हासिल कर ब्लॉक पंचायती राज पदाधिकारी (BPRO) पद प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

सरोज पासवान स्वर्गीय विष्णुदेव पासवान के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा आर.एच.एस. भोरेशाहपुर से प्राप्त की तथा R.B. College Dalsinghsarai से स्नातक की पढ़ाई पूरी की।

सरोज का सरकारी सेवा का सफर वर्ष 2016 में भारतीय रेलवे में ग्रुप-डी पद से शुरू हुआ। इसके बाद वर्ष 2020 में टेक्नीशियन पद पर चयनित हुए। वर्ष 2023 में लेखा लिपिक (अकाउंट क्लर्क) के रूप में चयनित होकर बिहार सरकार के जल संसाधन विभाग में अपनी सेवाएं देने लगे। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी जारी रखी।

उनकी बीपीएससी यात्रा संघर्ष और धैर्य की मिसाल रही। 64वीं बीपीएससी में वे मुख्य परीक्षा तक पहुंचे। 65वीं बीपीएससी में साक्षात्कार तक का सफर तय किया, लेकिन अंतिम मेधा सूची में मात्र तीन अंकों से चयन से चूक गए। 67वीं बीपीएससी में भी इंटरव्यू तक पहुंचे, किंतु अंतिम चयन नहीं हो सका। लगातार असफलताओं के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे।

आखिरकार 70वीं बीपीएससी में उनकी मेहनत रंग लाई और उनका चयन ब्लॉक पंचायती राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) पद पर हो गया।

अपनी सफलता का श्रेय सरोज पासवान ने अपने माता-पिता, गुरुजनों, बड़े भाई संतोष कुमार, मित्रों एवं शुभचिंतकों को दिया है। उनका कहना है कि “सफलता एक दिन में नहीं मिलती, बल्कि वर्षों के संघर्ष, धैर्य और निरंतर प्रयास का परिणाम होती है। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो असफलताएं भी सफलता की सीढ़ी बन जाती हैं।”

सरोज पासवान की सफलता से नत्थूद्वार गांव, खानपुर प्रखंड और पूरे समस्तीपुर जिले के युवाओं में उत्साह का माहौल है। उनकी उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार चंद्रा, अंचलाधिकारी मनीष कुमार, अंचलाधिकारी हरिनाथ राम, बीपीआरओ संजीव कुमार, थानाध्यक्ष शिवपूजन कुमार, पर्यावरण प्रेमी त्रिपुरारी झा, सुशील पासवान, राजकुमार पासवान, सिफाती पासवान, जोगिंदर पासवान, पंकज पासवान समेत कई गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

*बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में पटना रेफर – Doorbeen News*

बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में पटना रेफर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *