समस्तीपुर का सवा लाख का इनामी बदमाश यूपी STF मुठभेड़ में ढेर, 7 हत्याओं समेत दर्जनों संगीन मामलों में था वांछित

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर/सहारनपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के आनंदगोलवा गांव निवासी कुख्यात अपराधी ललन सिंह उर्फ लल्लन सिंह रविवार देर रात उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में यूपी एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया। उस पर उत्तर प्रदेश और बिहार में हत्या, डकैती, बैंक लूट और एटीएम कैश वैन लूट समेत कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस ने उस पर कुल 1.25 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात एडीशनल एसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में यूपी एसटीएफ की टीम सहारनपुर के सरसावा-नकुड़ रोड पर वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने रुकने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में ललन सिंह गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

यूपी एसटीएफ और बिहार पुलिस लंबे समय से ललन सिंह की तलाश कर रही थी। उस पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट द्वारा एक लाख रुपये तथा चंदौली पुलिस द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार ललन सिंह पर दो दरोगा, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड समेत सात लोगों की हत्या के मामले दर्ज थे। इसके अलावा बैंक लूट, एटीएम कैश वैन लूट, डकैती और रंगदारी जैसे कई संगीन अपराधों में उसका नाम सामने आया था।

बताया जाता है कि वर्ष 2022 में वाराणसी में एक सब-इंस्पेक्टर की हत्या के मामले के बाद वह पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल हो गया था। उसकी मौत को यूपी और बिहार पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।

*योग से स्वस्थ शरीर और शांत मन का निर्माण संभव : एडीएम – Doorbeen News*

योग से स्वस्थ शरीर और शांत मन का निर्माण संभव : एडीएम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *