व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen news Desk: समस्तीपुर। जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र के हरपुर भिंडी गांव में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव के साथ ताजपुर स्थित एनएच-28 के गांधी चौक को जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
मृतक की पहचान हरपुर भिंडी वार्ड संख्या-3 निवासी स्वर्गीय राम प्रकाश राय के 45 वर्षीय पुत्र कुशेश्वर राय के रूप में की गई है। परिजनों का आरोप है कि कुशेश्वर राय की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारी घटना में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।


सड़क जाम के कारण समस्तीपुर–मुजफ्फरपुर–पटना मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ सह एएसपी संजय कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर मामले में त्वरित कार्रवाई तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हो सका।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद हरपुर भिंडी गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


*देर शाम तक गूंजती रहीं कविताएं, साईं शिवम हॉस्पिटल में सजी साहित्य की महफिल – Doorbeen News*
देर शाम तक गूंजती रहीं कविताएं, साईं शिवम हॉस्पिटल में सजी साहित्य की महफिल





