व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: पटना। विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने सरकारी टेंडरों में कथित अनियमितता, रिश्वतखोरी और सरकारी गोपनीय सूचनाओं के दुरुपयोग से जुड़े बहुचर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन पूर्व अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पूर्व आईएएस अधिकारी संजीव हंस छापेमारी के दौरान फरार पाए गए हैं।
विशेष निगरानी इकाई थाना कांड संख्या 05/2025 (दिनांक 30 अप्रैल 2025) में रिशुश्री, मालिक Reliable Infra Services Pvt. Ltd., के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, शासकीय गुप्तता अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अपर पुलिस महानिदेशक (SVU) पंकज कुमार दाराद ने बताया कि जांच में सामने आया है कि रिशुश्री ने कई सरकारी अधिकारियों के साथ कथित आपराधिक षड्यंत्र कर सरकारी टेंडरों और गोपनीय सूचनाओं का दुरुपयोग करते हुए अपनी कंपनियों को लाभ पहुंचाया तथा सरकारी धन के दुरुपयोग में भूमिका निभाई।
जांच में क्या सामने आया
SVU के अनुसार, जांच के दौरान यह तथ्य सामने आए हैं कि रिशुश्री ने विभिन्न विभागों में टेंडर हासिल करने के लिए अधिकारियों को कथित रूप से रिश्वत दी थी। इनमें जल संसाधन विभाग, भवन निर्माण विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग तथा बीएमएसआईसीएल जैसे विभाग शामिल हैं।
जांच में यह भी आरोप सामने आया कि:
- मुमुक्षु कुमार चौधरी (तत्कालीन संयुक्त सचिव, वित्त विभाग) को विभिन्न शहरी विकास परियोजनाओं के टेंडर दिलाने के बदले रिश्वत दी गई।
- तारणी दास (तत्कालीन मुख्य अभियंता, भवन निर्माण विभाग) को विपत्र पारित कराने के लिए कथित रूप से 3.5 प्रतिशत कमीशन दिया गया।
- उमेश कुमार सिंह (तत्कालीन कार्यपालक अभियंता, नगर विकास एवं आवास विभाग) को विभिन्न परियोजनाओं में 1 प्रतिशत कमीशन दिए जाने की बात जांच में सामने आई है।


पहले भी हो चुकी है बड़ी नकदी बरामद
जांच एजेंसियों के अनुसार:
- मुमुक्षु कुमार चौधरी के ठिकानों से पहले 2 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए थे।
- तारणी दास के यहां छापेमारी में 8.5 करोड़ रुपये नकद मिले थे।
- उमेश कुमार सिंह के आवास से 1 करोड़ रुपये नकद बरामद हुआ था।
इन मामलों को लेकर पहले से अलग-अलग जांच और मुकदमे दर्ज हैं।
चार स्थानों पर छापेमारी
SVU ने बुधवार सुबह पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन कर छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान:
- मुमुक्षु कुमार चौधरी गिरफ्तार
- तारणी दास गिरफ्तार
- उमेश कुमार सिंह गिरफ्तार
- संजीव हंस (IAS) फरार
विशेष निगरानी इकाई ने बताया कि गिरफ्तार अधिकारियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार, रिश्वत लेने, दस्तावेजों में हेरफेर, सरकारी पद का दुरुपयोग तथा अवैध लाभ पहुंचाने के आरोपों की पुष्टि हुई है।
फरार संजीव हंस की तलाश जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


*रेलवे भर्ती परीक्षा को लेकर समस्तीपुर स्टेशन पर विशेष निगरानी, भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशासन सतर्क – Doorbeen News*
रेलवे भर्ती परीक्षा को लेकर समस्तीपुर स्टेशन पर विशेष निगरानी, भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशासन सतर्क







