निलंबन वापस लेने के नाम पर रिश्वतखोरी: समस्तीपुर में मुखिया 1.20 लाख रुपये घूस लेते गिरफ्तार

व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें

समस्तीपुर। निगरानी विभाग ने समस्तीपुर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दलसिंहसराय अनुमंडल अंतर्गत चकबहाउद्दीन पंचायत के मुखिया सियाराम राय को 1 लाख 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम उन्हें अपने साथ मुजफ्फरपुर ले गई।

निलंबन समाप्त करने के बदले मांगी गई थी रिश्वत

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अब्दुल मन्नान प्राथमिक विद्यालय चकबहाउद्दीन मोहन वार्ड-7 में पंचायत शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। वर्ष 2024 में उनके विरुद्ध एससी-एसटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट के तहत एक प्राथमिकी दर्ज होने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था।

शिक्षक का कहना है कि बाद में न्यायालय ने 26 अक्टूबर 2025 को उन्हें मामले से मुक्त कर दिया और निलंबन समाप्त करने का निर्देश दिया। इसके बावजूद जब उन्होंने निलंबन वापस लेने के लिए आवेदन दिया, तो मुखिया द्वारा कथित तौर पर 5 लाख रुपये रिश्वत की मांग की गई। आरोप है कि पंचायत सचिव ने भी अलग से रुपये की मांग की थी।

निगरानी विभाग ने बिछाया जाल

लगातार दबाव और आर्थिक परेशानी से परेशान शिक्षक ने निगरानी विभाग से शिकायत की। शिकायत की जांच के दौरान आरोप सही पाए गए। इसके बाद निगरानी विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।

पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिक्षक ने दलसिंहसराय के सराय गुदरी रोड स्थित अपने प्रतिष्ठान पर मुखिया को बुलाकर 1.20 लाख रुपये दिए। बताया जाता है कि पंचायत सचिव के लिए भी 20 हजार रुपये अलग रखे गए थे।

जैसे ही मुखिया ने रिश्वत की राशि ली, पहले से घात लगाए निगरानी विभाग की टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

पंचायत सचिव फरार

कार्रवाई के दौरान पंचायत सचिव अजीत कुमार मौके से फरार हो गए। निगरानी विभाग उनकी तलाश में जुटा हुआ है।

डीएसपी ने दी जानकारी

निगरानी विभाग के डीएसपी अमरेंद्र प्रसाद विद्यार्थी ने बताया कि शिक्षक द्वारा की गई शिकायत की जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद ट्रैप टीम गठित कर कार्रवाई की गई और मुखिया को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।

इस कार्रवाई के बाद पंचायत क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। निगरानी विभाग मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रहा है।

*टेंडर घोटाला और रिश्वतखोरी मामले में बड़ी कार्रवाई, तीन पूर्व अधिकारी गिरफ्तार, IAS संजीव हंस फरार – Doorbeen News*

टेंडर घोटाला और रिश्वतखोरी मामले में बड़ी कार्रवाई, तीन पूर्व अधिकारी गिरफ्तार, IAS संजीव हंस फरार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *