व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। रेलवे भर्ती परीक्षा के मद्देनजर समस्तीपुर जंक्शन पर सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं को लेकर विशेष निगरानी अभियान चलाया गया। आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी अविनाश करोसिया के नेतृत्व में स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा भीड़ नियंत्रण के लिए व्यापक व्यवस्था की गई।
अभियान में आरपीएफ के उप निरीक्षक पी.के. चौधरी, उप निरीक्षक विवेक कुमार, स्टेशन प्रबंधन एवं वाणिज्य विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से प्लेटफॉर्मों का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएस समस्तीपुर ब्रजेश कुमार, डीसीआई समस्तीपुर सुशील कुमार बरियार, डिप्टी एसएस अशोक कुमार सहित अन्य रेलकर्मी एवं सुरक्षा बल के जवान मौजूद रहे।


अधिकारियों ने बताया कि रेलवे भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आने की संभावना को देखते हुए स्टेशन परिसर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। हालांकि वर्तमान में स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भीड़ सामान्य बनी हुई है और यात्रियों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।
रेल प्रशासन द्वारा भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए प्लेटफॉर्मों एवं स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने यात्रियों एवं परीक्षार्थियों से रेल प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


इस बीच परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का भी परिचालन किया जा रहा है। रेल अधिकारियों के अनुसार एक विशेष ट्रेन प्लेटफॉर्म संख्या-2 से निर्धारित समय पर रवाना हुई, जबकि एक अन्य परीक्षा स्पेशल ट्रेन मधुबनी से होकर समस्तीपुर पहुंची और आगे के लिए प्रस्थान कर गई।
रेल प्रशासन ने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान स्टेशन पर सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं को लेकर सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


*खेतिहार मज़दूर और निम्न मध्यम वर्ग के किसानों बटाइदार किसानों को खेग्रामास का सदस्य बनाने व संगठन से जोड़ने पर बल – Doorbeen News*





