व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Samastipur News: समस्तीपुर/पूसा। सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के उद्देश्य से बुधवार को पूसा स्थित सहकारिता प्रशिक्षण केंद्र में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने केंद्र के जीर्णोद्धार कार्य का शिलापट्ट अनावरण किया तथा तीन दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों के बीच प्रमाण-पत्रों का वितरण किया।
कार्यक्रम में विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष विनोद कुमार राय, सहकारिता विभाग के अपर सचिव अभय कुमार सिंह, संयुक्त निबंधक निसार अहमद, जिला सहकारिता पदाधिकारी अनिल कुमार गुप्ता, प्रशिक्षण केंद्र की प्राचार्या संगीता कुमारी सहित कई अधिकारी, प्रशिक्षक एवं प्रतिभागी मौजूद रहे।



अपने संबोधन में मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसके माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने शहद, मखाना, मत्स्य पालन, बुनकर तथा कृषि एवं गैर-कृषि क्षेत्रों में प्राथमिक सहकारी समितियों के गठन पर बल देते हुए कहा कि फूड प्रोसेसिंग यूनिट, जन औषधि केंद्र और पेट्रोल पंप जैसे उपक्रम भी सहकारिता मॉडल के तहत संचालित किए जा सकते हैं।
मंत्री ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों को पदाधिकारियों एवं पैक्स प्रतिनिधियों के कौशल विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए प्रतिभागियों से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र में विकसित कंप्यूटर कक्ष, पुस्तकालय, सभा कक्ष, छात्रावास और प्राचार्य आवास का भी उद्घाटन किया। साथ ही परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा केंद्र में चल रही निर्माण योजनाओं का निरीक्षण भी किया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम कुल 17 दिनों तक चलेगा। प्रथम चरण में प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर आगे पैक्स प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण देंगे, जिससे सहकारिता संस्थाओं की कार्यक्षमता और प्रभावशीलता बढ़ेगी। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने आयोजन की सफलता पर शुभकामनाएं दीं।



*सोनपुर मंडल में मेगा टिकट चेकिंग अभियान, 3047 यात्रियों से वसूला गया 22.29 लाख रुपये जुर्माना – Doorbeen News*
सोनपुर मंडल में मेगा टिकट चेकिंग अभियान, 3047 यात्रियों से वसूला गया 22.29 लाख रुपये जुर्माना





