विश्व साइकिल दिवस पर निकली जागरूकता रैली, युवाओं ने दिया स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें

Samastipur News: समस्तीपुर। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर मंगलवार को माय भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में सक्सेस मिशन क्लब द्वारा साइकिल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य लोगों को साइकिल चलाने के लिए प्रेरित करना तथा स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।

सक्सेस मिशन क्लब परिसर से शुरू हुई यह रैली बीएड कॉलेज तक निकाली गई। रैली को माय भारत की उपनिदेशक विजेता मजूमदार, जिला गंगा समिति के डीपीओ नीरजेश कुमार तथा सक्सेस मिशन क्लब के संस्थापक सदस्य विकास कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपनिदेशक विजेता मजूमदार ने युवाओं से प्रतिदिन साइकिल चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइकिल न केवल एक सस्ता और सुविधाजनक परिवहन साधन है, बल्कि यह शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने का भी प्रभावी माध्यम है। नियमित साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ रहता है और कई बीमारियों से बचाव संभव है।

रैली के दौरान युवा और युवतियां हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लिए हुए चल रहे थे। प्रतिभागियों ने “साइकिल चलाओ, पर्यावरण बचाओ”, “साइकिल चलाओ, बीमारी भगाओ”, “साइकिल चलाओ, स्वास्थ्य लाभ पाओ” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के दौर में साइकिल का उपयोग समय की जरूरत बन गया है। इससे ईंधन की बचत के साथ-साथ कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आती है, जो पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण है।

साइकिल रैली में माय भारत के स्वयंसेवक मो. अली, सोनी, सुमित और मनोज सहित सक्सेस मिशन क्लब के सैकड़ों युवा एवं युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने लोगों को साइकिल अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

रैली के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

*पूसा में सहकारिता को नई मजबूती: मंत्री राम कृपाल यादव ने किया प्रशिक्षण केंद्र के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ – Doorbeen News*

पूसा में सहकारिता को नई मजबूती: मंत्री राम कृपाल यादव ने किया प्रशिक्षण केंद्र के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *