समस्तीपुर में नहाने के दौरान करेह नदी में डूबे एक ही परिवार के तीन सगे भाई, गांव में पसरा मातम

व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें

समस्तीपुर:  शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत परसा पंचायत के बोरज गांव वार्ड 7 में सोमवार को हृदय विदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बरियाही घाट स्थित करेह नदी में नहाने के दौरान एक ही परिवार के तीन सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। हर आंख नम है और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल बना हुआ है।

मृतकों की पहचान बोरज वार्ड 7 निवासी सुदर्शन कुमार झा के पुत्रों के रूप में हुई है। इनमें बड़ा पुत्र अदित कुमार (करीब 17 वर्ष), जो इस बार दसवीं कक्षा में गया था, दूसरा पुत्र हर्षित कुमार (करीब 15 वर्ष), जो नौवीं कक्षा का छात्र था तथा सबसे छोटा कार्तिक कुमार (करीब 13 वर्ष), जो आठवीं कक्षा में पढ़ता था।

बताया जाता है कि तीनों भाई अपने माता-पिता के साथ दिल्ली में रहकर पढ़ाई करते थे। परिजनों के अनुसार सुदर्शन कुमार झा दिल्ली के नेहाल विहार इलाके में रहकर गार्ड की नौकरी करते हैं और इसी से परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रामनवमी के अवसर पर हर साल की तरह इस बार भी पूरा परिवार अपने पैतृक गांव बोरज आया हुआ था।

गांव के हनुमान मंदिर में ध्वजारोहण की परंपरा निभाने के लिए सुदर्शन कुमार झा स्वयं उपस्थित हुए थे। उनके पिता उक्त मंदिर के पुजारी हैं, जिसके कारण हर वर्ष पर्व-त्योहार पर पूरा परिवार गांव आता है।

सोमवार की दोपहर सुदर्शन कुमार झा अपने तीनों पुत्रों के साथ बरियाही घाट स्थित करेह नदी में स्नान करने गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहाने के दौरान एक पुत्र शैंपू लगाने के बाद दोबारा नदी में उतरा और गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख अन्य दोनों भाई उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। लेकिन देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में समा गए।

घटना को देख पिता सुदर्शन कुमार झा भी अपने बच्चों को बचाने के लिए नदी में कूद पड़े, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद वे शोर मचाते हुए घर पहुंचे और घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही गांव में अफरातफरी मच गई और देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। घटना की सूचना तत्काल शिवाजीनगर थाना को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय मछुआरों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। तीन नावों के सहारे नदी में सघन खोजबीन की गई। काफी मशक्कत के बाद दो भाइयों को कुछ ही समय में पानी से बाहर निकाला गया, जबकि तीसरे भाई का शव करीब पांच घंटे बाद बरामद किया जा सका।

निकाले गए दो बच्चों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहेरी और शिवाजीनगर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया। हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। तीसरे भाई के शव को भी बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

 

ताजपुर रोड में एक ई-रिक्शा चालक की बेरहमी से पिटाई पर हुआ जमकर बवाल – Doorbeen News

ताजपुर रोड में एक ई-रिक्शा चालक की बेरहमी से पिटाई पर हुआ जमकर बवाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *