व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
समस्तीपुर जिले के बंगरा थाना क्षेत्र के डीह सरसौना गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया ,साथ ही हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण और अर्धनिर्मित हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस द्वारा की गई छापेमारी में दो तैयार पिस्टल, दो अर्धनिर्मित पिस्टल, तीन मैगजीन, चार जिंदा कारतूस के अलावा पांच लेथ मशीन, रेती, छेनी, आरी, प्लास, ड्रिल मशीन समेत पिस्टल निर्माण में प्रयुक्त अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंगरा थाना क्षेत्र के डीह सरसौना वार्ड संख्या-6 निवासी पवन कुमार सिंह के पुत्र दीपक कुमार सिंह तथा भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के नईसीढ़ीघाट वार्ड संख्या-2 निवासी स्व. हरिचरण चौधरी के पुत्र राजेश चौधरी के रूप में हुई है।


पुलिस के अनुसार राजेश चौधरी कारीगर के रूप में भागलपुर से आकर दीपक के घर पर ही अवैध पिस्टल तैयार करता था। तैयार पिस्टल को 6 से 8 हजार रुपये में बेचा जाता था। इसमें राजेश चौधरी को प्रति पिस्टल कमीशन मिलता था, जबकि दीपक कुमार सिंह ग्राहक खोजने का काम करता था। इस मामले का खुलासा करते हुए एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई है।


उन्होंने बताया कि काफी दिनों से दीपक के घर में चोरी-छिपे हथियार बनाने का काम चल रहा था। एसटीएफ से प्राप्त इनपुट के बाद जिला पुलिस टीम ने रविवार की रात लोकेशन ट्रैक कर गांव में छापेमारी की, जहां से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है तथा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


————————
समस्तीपुर में नहाने के दौरान करेह नदी में डूबे एक ही परिवार के तीन सगे भाई, गांव में पसरा मातम – Doorbeen News
समस्तीपुर में नहाने के दौरान करेह नदी में डूबे एक ही परिवार के तीन सगे भाई, गांव में पसरा मातम





