व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
उद्योग विभाग की योजनाओं को मिली गति, समस्तीपुर में ऋण स्वीकृति एवं वितरण शिविर आयोजित
Doorbeen News Desk: उद्योग विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार जिला उद्योग केंद्र, समस्तीपुर के सभागार में शुक्रवार को उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजनाओं के अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं ऋण वितरण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस शिविर की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने की।
शिविर में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकीकरण योजना (PMFME) तथा पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को बैंकों द्वारा स्वीकृत ऋण का वितरण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उद्यमी, लाभार्थी एवं बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने स्वयं उपस्थित होकर शिविर की गरिमा बढ़ाई। उन्होंने बैंकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन लाभार्थियों के ऋण प्रस्ताव स्वीकृत हो चुके हैं, उन्हें यथाशीघ्र ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए।

ताकि उद्यमी अपने व्यवसाय को समय पर प्रारंभ कर सकें। साथ ही उन्होंने बैंकों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति पर विशेष जोर दिया। इसके उपरांत उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह के नेतृत्व में सभी बैंकों के साथ एक समीक्षात्मक बैठक भी आयोजित की गई।
जिसमें उन्होंने निर्देश दिया कि फरवरी माह के अंत तक ऋण वितरण से संबंधित सभी निर्धारित लक्ष्यों को अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि जिले में अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जाए और बैंक इसमें सक्रिय भूमिका निभाएं।

जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि उद्योग विभाग की योजनाएं जिले में रोजगार सृजन का मजबूत माध्यम बन रही हैं। प्रशासन की प्राथमिकता है कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिले और जिले में औद्योगिक वातावरण को और सशक्त किया जाए।
शिविर में महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र विवेक कुमार शर्मा, मुकेश कुमार, सुनील कुमार सहित जिला उद्योग केंद्र के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में उद्यमिता को बढ़ावा देना तथा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करना रहा।






