व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
विश्व कैंसर दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर पर विशेष जोर
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर 5 फरवरी को जिला स्वास्थ्य समिति, समस्तीपुर एवं पिरामल फाउंडेशन, समस्तीपुर के सहयोग से एएनएम कॉलेज, समस्तीपुर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को विभिन्न प्रकार के कैंसर, उनके लक्षण, जोखिम कारक तथा बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक करना था। इस कार्यक्रम में कुल 56 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
यह सत्र कैंसर विभाग की विशेषज्ञ डॉ. नंदिनी चौधरी एवं आशीष कुमार (नर्सिंग स्टाफ) द्वारा संचालित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को कैंसर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी विस्तार से दी गई।
कार्यक्रम में विशेष रूप से स्तन कैंसर पर चर्चा की गई, जिसमें इसके लक्षणों के बारे में जानकारी दी गई तथा स्तनों की सही तरीके से स्वयं जांच (सेल्फ एग्जामिनेशन) करने की विधि का प्रदर्शन किया गया। साथ ही परिवार में कैंसर का इतिहास, बढ़ती उम्र और अस्वस्थ जीवनशैली जैसे जोखिम कारकों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इसके अलावा गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के बारे में भी जानकारी साझा की गई। इस दौरान बताया गया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) इस कैंसर का मुख्य कारण है। इसके लक्षण जैसे सफेद पानी आना, असामान्य रक्तस्राव और दर्द आदि के बारे में प्रतिभागियों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख एवं सिर-गर्दन कैंसर पर भी चर्चा की गई, जिसमें धूम्रपान, तंबाकू सेवन और शराब के सेवन को इसके प्रमुख कारण बताया गया। साथ ही मुख कैंसर के शुरुआती लक्षणों के बारे में भी जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने कैंसर की रोकथाम के लिए समय पर जांच, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से प्रश्न पूछे और कैंसर की रोकथाम एवं देखभाल के बारे में बेहतर समझ प्राप्त की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। यह कैंसर दिवस कार्यक्रम लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने में सफल रहा।







