व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
शिवाजीनगर में परसा पंचायत के खरशाम गांव में भीषण आग, दो घर जलकर राख, हजारों की संपत्ति स्वाहा
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत परसा पंचायत के खरशाम गांव वार्ड 12 में बुधवार देर रात अचानक आग लगने से दो घर जलकर पूरी तरह राख हो गए। इस अगलगी की घटना में स्व. भैरव मंडल के पुत्र ललन मंडल एवं रमाकांत मंडल के घर में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।
घटना बुधवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है, जब अचानक घर में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। पीड़ित परिवार ने बताया कि आग की लपटों में घर में रखा बर्तन, बिस्तर, पंखा, ट्रंक, टीवी, साइकिल समेत रोजमर्रा के उपयोग की लगभग सभी वस्तुएं जलकर खाक हो गईं।
ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक घर और उसमें रखा सामान पूरी तरह जल चुका था। मामले को लेकर पीड़ित परिवार द्वारा अंचल कार्यालय में आवेदन देकर सरकारी सहायता की मांग की गई है।


घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार, मुखिया पति राम पुकार मंडल, पंचायत समिति सदस्य सरोज कुमार, डीलर पुत्र नीतीश कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
जनप्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि सरकार की ओर से मिलने वाली आपदा राहत राशि दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।







